सुरभि न्यूज़
ख़ुशी राम ठाकुर, बरोट-
चौहार घाटी के पंजौंड गाँव में स्थित देवियों की देवी फुंगणी माता परमेश्वरी के नवनिर्मित भव्य मंदिर का निर्माण कार्य पूर्ण होने और माता की नवमूर्ति की विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा का धार्मिक आयोजन गत सप्ताह धार्मिक रीति-रिवाज़ के साथ हवन–यज्ञ में आहुति देकर आयोजित करने के बाद मंदिर कमेटी द्वारा एक बार फिर से मंदिर का शुद्धिकरण किया गया। अब प्रतिदिन इस भव्य मंदिर की सुन्दरता को देखने व माता का आशिर्बाद प्राप्त करने के लिए श्रद्धालुओं तांता लगा हुआ है। \
शुक्रवार के दिन भी इस भव्य मंदिर को देखने व माता का आशिर्बाद प्राप्त करने के लिए स्थानीय व दूरदराज़ क्षेत्रों से आए हुए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। फुंगणी माता के गुर शेर सिंह व पुजारी शिव राम ने बताया कि इस नवनिर्मित भगवती फुंगणी माता के भव्य मंदिर का निर्माण चौहार घाटी, छोटा भंगाल तथा दूरदराज़ के दानी सज्जनों के सहयोग से ही पूर्ण हो पाया है। इस भव्य मंदिर के निर्माण के लिए पूरे दो वर्ष लग गए हैं।
हालांकि मंदिर कमेटी का गठन भी कर दिया गया है मगर उस कमेटी का अभी तक पंजीकरण नहीं किया गया है जिस कारण इस मंदिर निर्माण के लिए सरकार की ओर से अभी तक किसी भी प्रकार की सहयोग राशि प्राप्त नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि मात्र दानी सज्जनों से एकत्रित की गई कुल सवा करोड़ की धनराशि से माता फुंगणी के भव्य मंदिर का निर्माण हो पाया है तथा इसके बाहरी परिसर के जीर्णोद्वार करने की भी काफी आवश्यकता है। जिसके लिए अतिरिक्त धनराशि की सख्त आवश्यकता है। अब भी दानी सज्जनों द्वारा दान करने का सिलसिला जारी ही चला हुआ वहीँ मंदिर कमेटी को पंजीकरण करने के उपरांत सरकार से सहयोग करने की मांग भी की जाएगी।
फुंगणी माता के भव्य मंदिर को देखने के लिए उमड़े श्रद्धालुओं का फोटो भी भेज दिया गया है ।









