सुरभि न्यूज़
आनी/कुल्लू
जिला कुल्लू के आनी में आयोजित पारंपरिक एवं ऐतिहासिक जिला स्तरीय आनी मेले के शुभारंभ से पूर्व रंगारंग गतिविधियों का दौर शुरू हो गया है। इसी कड़ी में शुक्रवार को रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक एवं सांस्कृतिक रंगोलियां बनाकर भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक संदेशों को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया गया।
प्रतियोगिता में पीएम श्री आनी स्कूल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं हिमालय मॉडल स्कूल आनी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल आनी तीसरे स्थान पर रहा। इसके अतिरिक्त मिशन स्कूल तथा एसवीएम आनी के विद्यार्थियों ने भी प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का परिचय दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों के अध्यापकों और विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता को मंच प्रदान करना तथा मेले के प्रति लोगों में उत्साह बढ़ाना रहा। इस अवसर पर प्रतियोगिता के कन्वीनर प्रधानाचार्य मनमोहन शर्मा. सीबीपीओ विनोद कटोच तथा पंचायत सचिव ईश्वर कटोच विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में कला, संस्कृति और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करती हैं।










