सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 21 मई
जिला मुख्यालय कुल्लू के उपायुक्त कार्यालय प्रांगण में एक शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अश्वनी कुमार ने उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को देश की एकता, अखंडता और शांति बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने शपथ दिलाई कि हम सभी प्रकार के आतंकवाद और हिंसा का डटकर विरोध करेंगे तथा हम मानव जाति के सभी वर्गों के बीच शांति, सामाजिक सद्भाव तथा सूझबूझ कायम रखेंगे।
उन्होंने शपथ दिलाई कि हम मानव जीवन मूल्यों को खतरा पहुँचाने वाली और विघटनकारी शक्तियों से मजबूती से लड़ेंगे। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि इस शपथ का उद्देश्य समाज में शांति और भाईचारे का संदेश फैलाना तथा देश को कमजोर करने वाली ताकतों के खिलाफ एकजुट होना है। इस दौरान कार्यालय के सभी स्टाफ सदस्यों ने पूरी निष्ठा के साथ देश की अहिंसा एवं सहनशीलता की परंपरा में दृढ़ विश्वास रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।











