Listen to this article
कुल्लू, 25 मई : जिला कुल्लू में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण का मतदान 26 मई को आयोजित किया जा रहा है। ज़िला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त अनुराग चंद्र शर्मा ने बताया कि ज़िला प्रशासन ने चुनाव संबंधी सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।
उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में जिले की 85 ग्राम पंचायतों में 1,14,072 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
उपायुक्त ने बताया कि प्रथम चरण के लिए जिले में कुल 511 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। मतदान प्रक्रिया के संचालन हेतु 2,044 कर्मचारियों एवं अधिकारियों की तैनाती की गई है, जबकि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 869 सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। सभी मतदान दल अपने-अपने गंतव्यों के लिए रवाना कर दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि जिला कुल्लू में पंचायत चुनाव तीन चरणों में संपन्न होंगे। प्रथम चरण में 1,14,072, द्वितीय चरण में 1,03,797 तथा तृतीय चरण में 99,607 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिले में कुल 3,17,476 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 1,60,949 पुरुष तथा 1,56,527 महिला मतदाता शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया प्रातः 7 बजे से अपराह्न 3 बजे तक चलेगी। प्रधान, उप-प्रधान एवं पंचायत सदस्य की मतगणना मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित पंचायत स्तर पर आरंभ कर दी जाएगी तथा परिणाम भी उसी दिन घोषित किए जाएंगे।
वहीं पंचायत समिति तथा जिला परिषद की मतगणना 31 मई को खण्ड स्तर पर स्थापित मतगणना केंद्रों पर की जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया की वैबकास्टिंग भी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि मतगणना स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में विकास खण्ड निरमण्ड की अरसू, सरघा, खरगा, जुआगी, चायल, देहरा, बडीधार, गमोग, तुनन, कुण्डाकोड और राहणू ग्राम पंचायतों में मतदान होगा।
विकास खण्ड आनी की करशैईगाड, टकरासी, मुहान, कराड, मुण्डदल, कराणा, खनाग, कोहिला, लफाली, दलाश, चवाई, कुठेड़ और तांदी ग्राम पंचायतों में मतदान आयोजित किया जाएगा।
विकास खण्ड बन्जार की गाडापारली, शांघड़, सुचैहण, कोटला, गोपालपुर, तुंग, पलाहच, श्रीकोट, मशियार, सजवाड, खाबल, तांदी, सराज और कोठीचैहणी पंचायतों में मतदान होगा।
विकास खण्ड भुन्तर की बरशैणी, मलाणा, छलाल, ब्राधा, जलूग्रां, छैउर, दनोगी, रैला-2, देवगढगोही, ज्येष्ठा, भलाण-1, सचाणी, नरैश, भुईन, न्यूल, कलैहली, शमशी और बशौणा पंचायतों में मतदान किया जाएगा।
विकास खण्ड कुल्लू की बन्दरोल, बनोगी, फलाण, तियून, चताणी, चन्सारी, बन्दल, भल्याणी, बुआई, शिल्लीराजगिरी, बाराहार, चौपारसा, डुंखरीगाहर और मौहल पंचायतों में भी 26 मई को मतदान होगा।
इसी प्रकार विकास खण्ड नगर की पलचान, बुरूआ, चचोगा, प्रीणी, पनगां, मण्डलगढ़, देवगढ़, हलाण-1, रायसन, सोयल-2, कटरांई, बैंची, पिछलीहार, रियाड़ा और शिरड़ पंचायतों में मतदान संपन्न करवाया जाएगा।
उपायुक्त ने सभी मतदाताओं एवं प्रत्याशियों से लोकतांत्रिक परंपराओं का पालन करते हुए शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सौहार्दपूर्ण मतदान में सहयोग देने की अपील की है।
—
You received this message because you are subscribed to the Google Groups “kulludpro” group.
To unsubscribe from this group and stop receiving emails from it, send an email to kulludpro+unsubscribe@
To view this discussion visit https://groups.google.com/d/
For more options, visit https://groups.google.com/d/









