Listen to this article
सुरभि न्यूज़
केलांग, 27 मई
जिला उपायुक्त लाहौल-स्पीति एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अध्यक्ष किरण भड़ाना ने बुधवार को जहालमा नाले का दौरा कर भूस्खलन से क्षतिग्रस्त सड़क की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद सीमा सड़क संगठन (BRO) के अधिकारियों को मार्ग को शीघ्र बहाल करने तथा यातायात सुचारू करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि सड़क बाधित होने से स्थानीय लोगों, पर्यटकों तथा आवश्यक सेवाओं की आवाजाही प्रभावित न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले में पंचायत चुनाव प्रक्रिया जारी है, ऐसे में पोलिंग पार्टियों, चुनाव कर्मियों एवं मतदान पेटियों को समय पर गंतव्य तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस अवसर पर सीमा सड़क संगठन 94 आरसीसी के ओसी मेजर पारस कोचर ने उपायुक्त को अवगत करवाया कि छोटे वाहनों की आवाजाही बहाल करने के लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार करने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। उन्होंने बताया कि यदि मौसम अनुकूल रहा तो मार्ग को आज शाम तक छोटे वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा।
उपायुक्त किरण भड़ाना ने कहा कि जिला प्रशासन लगातार बीआरओ के साथ समन्वय बनाए हुए है तथा स्थिति पर पल-पल नजर रखी जा रही है, ताकि आम जनता को न्यूनतम असुविधा हो और चुनाव संबंधी सभी कार्य समयबद्ध ढंग से संपन्न हो सकें।
इस दौरान एसडीएम केलांग कुनिका एकर्स, बीडीओ विवेक गुलेरिया भी उपस्थित रहे।









