चिट्टे की मार : मां बेटा, बेटी व बहु चार सदस्य एक हि परिवार,  पुलिस ने किया 6.650 ग्राम चिट्टा सहित गिरफ्तार

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

मंडी, 08 जून

प्रदेश भर में नशे का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ पुलिस द्वारा छेड़े अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए जिला की सुंदरनगर पुलिस ने नशे के कारोबार के बेहद ही हैरतअंगेज व चिंतनीय विषय का खुलासा किया है।

पुलिस ने इस मामले में एक ही परिवार के चार सदस्य मां, बेटा, बेटी व बहु को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। इस मामले से समाज में फैल रहे चिट्टे के कारोबार का बेहद ही शर्मनाक व दुःखद पहलू सामने आया है।

मिली जानकारी के मुताबिक सुंदरनगर पुलिस की टीम ने कांगु में नाकाबंदी की हुई थी और आने जाने वाले वाहनों की भी चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान पुलिस ने एक कार को चेकिंग के लिए रोका। कार की तलाशी लेने पर उसमें से 6.650 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

आरोपियों की पहचान सरला पत्नी राजकरण, गौरव पुत्र राजकरण, ज्योति पत्नी गौरव निवासी सलापड कॉलोनी सुंदर नगर तथा रिशु (सरला की बेटी) पत्नी गौरव शर्मा निवासी खरड़ पंजाब के तौर पर हुई है।

पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज करके उनसे पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि इस गिरोह के अन्य सदस्यों का भी पता लगाया जा सके।

फिलहाल एक ही परिवार के 4 सदस्यों के नशे की तस्करी में शामिल होने से इलाके में चर्चा का बाजार गर्म है। वहीं इस घटना ने एक चिंतनीय पहलू भी सामने लाया है कि चिट्टा तस्करी में पूरा परिवार किस तरह से शामिल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *