जिला लाहौल स्पीति के कुकमसेरी कॉलेज को बंद करने, घाटी की जर्जर सड़कों और पुलों की बदहाल के विरोध में डॉ. रामलाल मार्कंडेय के नेतृत्व में प्रदर्शन, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन 

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

लाहुल स्पीति ( उदयपुर ), 10 जून

जिला लाहौल स्पीति के पूर्व मंत्री एवं लाहुल-स्पीति विकासशील मंच के अध्यक्ष डॉ. रामलाल मार्कंडेय के नेतृत्व में आज माता मृकुला मंदिर प्रांगण, उदयपुर से एक विशाल रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों, किसान भाइयों, महिला मंडलों, युवा मंडलों तथा विकासशील मंच के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। रैली के उपरांत एसडीएम उदयपुर के माध्यम से प्रदेश के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में कुकमसेरी कॉलेज को बंद करने के लिए जारी अधिसूचना को तत्काल वापस लेने, जाहलमा नाले के कार्य को युद्धस्तर पर पूरा करने तथा मयाड़ घाटी की सड़कों और पुलों की दयनीय स्थिति को शीघ्र सुधारने की मांग की गई।

डॉ. रामलाल मार्कंडेय ने कहा कि कुकमसेरी कॉलेज को बंद करने का निर्णय जनजातीय क्षेत्र के विद्यार्थियों के भविष्य पर सीधा प्रहार है। उन्होंने कहा कि दूरदराज के क्षेत्रों के छात्रों के लिए उच्च शिक्षा के अवसर पहले ही सीमित हैं और ऐसे में कॉलेज को बंद करना युवाओं के सपनों को कुचलने जैसा है। उन्होंने सरकार से इस फैसले को तुरंत वापस लेने की मांग की।

उन्होंने जाहलमा नाले के कार्य में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के किसानों की मटर की फसल तैयार होने वाली है। यदि समय रहते कार्य पूरा नहीं किया गया तो किसानों को अपनी उपज को बाजार तक पहुंचाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। डॉ. मार्कंडेय ने मयाड़ घाटी की सड़कों और पुलों की खराब स्थिति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया।

उन्होंने कहा कि घाटी की कई सड़कें लंबे समय से खस्ताहाल हैं, जिससे स्थानीय लोगों, किसानों, विद्यार्थियों और पर्यटकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। अनेक स्थानों पर पुलों की स्थिति भी चिंता का विषय बनी हुई है, लेकिन सरकार और प्रशासन इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मयाड़ घाटी के लोगों को बेहतर सड़क और पुल सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय विधायक सोशल मीडिया के माध्यम से जनता को गुमराह करने में व्यस्त हैं, जबकि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस पहल नहीं हो रही है। जनता अब केवल आश्वासनों से संतुष्ट नहीं होगी, बल्कि विकास कार्यों की वास्तविक प्रगति चाहती है।

डॉ. मार्कंडेय ने चेतावनी दी कि यदि कुकमसेरी कॉलेज को बंद करने का निर्णय वापस नहीं लिया गया, जाहलमा नाले का कार्य शीघ्र पूरा नहीं किया गया तथा मयाड़ घाटी की सड़कों और पुलों की स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो विकासशील मंच जनता को साथ लेकर व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी।

इस अवसर पर विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि, किसान, महिला मंडलों, युवा मंडलों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

साभार – खबर आई 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *