सुरभि न्यूज़
ख़ुशी राम ठाकुर, बरोट
पंजाब राज्य बिजली बोर्ड के शानन परियोजना बरोट में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों ने बुधवार को पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। आउटसोर्स कर्मचारीयों को विभाग में शामिल न करने पर अपना कडा विरोध जताया है।
आउटसोर्स कर्मचारी यूनियन बरोट इकाई के अध्यक्ष संदेश कुमार ने बताया कि पंजाब बिजली बोर्ड के पांच पनविद्युत प्रोजेक्ट समेत थर्मल पावर प्लांट, स्टो, ग्रिड में तैनात लगभग दस हज़ार के आउटसोर्स कर्मचारियों को विभाग में लेने के वायदे को पंजाब बिजली बोर्ड ने पूरा नहीं किया है।
कर्मचारियों की इस मांग को पूरा करने के लिए 24 मई को पीएसपीसीएल और पीएसटीसीएल की तालमेल कमेटी की पंजाब सरकार के बिजली मंत्री और बिजली बोर्ड के अधिकारियों के साथ बैठक हुई थी। जिसमें निर्णय लिया गया था की 29 मई के बाद चुनाव आचार संहिता हटने के तुरंत बाद ही आउट सोर्स कर्मचारियों के लिए विभाग में शामिल करने के लिए तथा सभी मांगों की नोटिफिकेशन जारी कर दी जाएगी। लेकिन अभी तक उन्हें पूरा ही नहीं किया गया है।
पंजाब सरकार और पंजाब बिजली बोर्ड की टालमटोल नीति के कारण शानन प्रोजेक्ट के 50 आउटसोर्स कर्मचारीयों में से बरोट ईकाई में सभी 12 आउटसोर्स बरोट में और 38 कर्मचारी शानन पावर हाउस के बाहर 9 मई से धरने पर बैठे हैं। अगर हमारी मांगों को नहीं माना गया तो 15 जून से पंजाब बिजली बोर्ड के सभी आउटसोर्स कर्मचारी स्टेट कमेटी के निर्देशानुसार पंजाब के बिजली मंत्री के घर के बाहर और पटियाला मुख्य कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे।











