अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर केलांग में योग शिविर आयोजित, नशा मुक्त भारत का दिया संदेश 

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
केलांग, 21 जून
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयुष विभाग एवं जिला प्रशासन लाहौल-स्पीति द्वारा आज ओल्ड सर्किट हाउस ग्राउंड, केलांग में एक भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर जिला आयुष अधिकारी डॉ. नताशा ठाकुर एवं आयुष अधिकारी डॉ सुरेश ने उपायुक्त का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों को योग के महत्व के बारे में जानकारी दी तथा विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का प्रदर्शन करवाते हुए सामूहिक योग सत्र का संचालन किया।
योग शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों जिनमें डीएफओ इंद्रजीत सीरा,सीएमओ डॉ मनोज कुमार गांधी,जिला कृषि अधिकारी चौधरी राम , जिला कोष अधिकारी कर्णेश अवस्थी, आयुष विभाग के चिकित्सा अधिकारी विभिन्न विभागों कर्मचारियों, विद्यालयों के विद्यार्थियों, महिला मंडलों तथा स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नियमित योग करने का संकल्प लिया।अंत में स्थानीय स्कूल के बच्चों ने मनमोहक योगाभ्यास का प्रदर्शन किया ।
कार्यक्रम के उपरांत उपायुक्त किरण भड़ाना ने उपस्थित जनसमूह को नशा मुक्त भारत एवं नशीले पदार्थों के विरुद्ध जागरूकता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में योग और नशामुक्ति दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं को नशे से दूर रखते हुए सकारात्मक एवं स्वस्थ गतिविधियों से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
उपायुक्त ने बताया कि भारत सरकार के नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिले में 19 जून से 26 जून 2026 तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, पंचायतों एवं सामुदायिक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम, शपथ ग्रहण, पोस्टर निर्माण प्रतियोगिताएं तथा जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा सके और नशा मुक्त लाहौल-स्पीति के लक्ष्य को साकार किया जा सके।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा नशा मुक्त भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *