Listen to this article
सुरभि न्यूज़, मनाली / कुल्लू : बच्चों और युवाओं को आत्मरक्षा के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और जीवन कौशल से सशक्त बनाने के उद्देश्य से गार्डियन इंडिया ने बिग माउंटेन जिउ-जित्सु, मनाली के सहयोग से गार्डियन जिउ-जित्सु स्कॉलरशिप प्रोग्राम की शुरुआत की है। इस पहल के तहत आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद बच्चों को पूरी तरह निःशुल्क जिउ-जित्सु और सेल्फ-डिफेंस प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम मनाली के भजोगी स्थित ऑक्सीजन फिटनेस जिम में प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को सायं 4:00 से 5:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में बच्चों और युवाओं को बिना किसी शुल्क के प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि आर्थिक स्थिति उनके सीखने और आगे बढ़ने में बाधा न बने।
आयोजकों ने बताया कि जिउ-जित्सु केवल एक मार्शल आर्ट नहीं, बल्कि एक प्रभावी आत्मरक्षा प्रणाली है, जो बच्चों को कठिन परिस्थितियों में शांत रहना, स्वयं की सुरक्षा करना और बिना अनावश्यक हिंसा के स्थिति को नियंत्रित करना सिखाती है। इसके साथ ही यह खेल शारीरिक फिटनेस, मानसिक मजबूती, अनुशासन, सम्मान, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सामाजिक व्यवहार विकसित करने में भी सहायक है।
गार्डियन जिउ-जित्सु स्कॉलरशिप प्रोग्राम का उद्देश्य ऐसे बच्चों और युवाओं तक प्रशिक्षण की सुविधा पहुंचाना है, जो आर्थिक कारणों से इस प्रकार के खेलों और प्रशिक्षण से वंचित रह जाते हैं। कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें न केवल आत्मरक्षा का प्रशिक्षण मिलेगा, बल्कि अनुभवी प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन और एक सुरक्षित एवं प्रेरणादायक वातावरण भी उपलब्ध कराया जाएगा। इच्छुक अभिभावक एवं प्रतिभागी अधिक जानकारी के लिए 9805998927 अथवा 8585976419 पर संपर्क कर सकते हैं।











