Listen to this article
सुरभि न्यूज़
छविन्द्र शर्मा, आनी
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय आनी में विद्यालय प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण बैठक एसएमसी अध्यक्ष चमन शर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. जवाहर ठाकुर के साथ स्कूल प्रबंधन समिति के सभी सदस्य व स्कूल स्टाफ् मौजूद रहा। बैठक में विद्यालय के विकास, शिक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, रिक्त पदों को भरने तथा नए पद सृजित करने सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से मधु शर्मा को विद्यालय प्रबंधन समिति का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं मनोनीत सदस्यों के रूप में ग्राम पंचायत सदर आनी की प्रधान सुनीता शर्मा तथा वार्ड सदस्य छविन्द्र शर्मा को समिति में पदेन सदस्य शामिल किया गया। एसएमसी अध्यक्ष चमन शर्मा ने बताया कि पूर्व में यह विद्यालय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के रूप में संचालित था। लेकिन वर्तमान में इसे सरकार व शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय को-एजुकेशन के रूप में संचालित किया गया है। जबकि आनी में ही पूर्व में संचालित पीएम श्री राजकीय जमा दो विद्यालय को अब सीबीएसई का दर्जा दिया गया। जहाँ नई गाईडलाईन के अनुसार प्रत्येक संकाय में सीमित सीटें होने से, अब नए अधिसूचित राजकीय जमा दो को एजूकेशन विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
वर्तमान समय में यहाँ लगभग 410 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। बढ़ती छात्र संख्या के कारण कक्षाओं की भारी कमी बनी हुई है, जिसके चलते कुछ कक्षाओं का संचालन मजबूरन शाम चार बजे के बाद करना पड़ रहा है। बैठक में विद्यालय में रिक्त पड़े पदों तथा नए पदों के सृजन की मांग को लेकर प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में निम्न पदों की आवश्यकता बताई गई जिसमें टीजीटी (कला) व वाणिज्य प्रवक्ता (लेक्चरर कॉमर्स) पद बारें जाए। नए सृजित किए जाने वाले पद में अंग्रेजी प्रवक्ता – 1, संगीत प्रवक्ता – 1, डीपीई – 1, अधीक्षक – 1, लिपिक – 1 तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी (चपरासी) – 2 के पदों को सृजित करना अतिआवश्यक है।
बैठक में विद्यालय के नए भवन निर्माण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। बताया गया कि पिछली सरकार के कार्यकाल में लगभग 5.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने बाले नए जमा दो स्कूल भवन का शिलान्यास किया गया था, लेकिन बजट के अभाव में निर्माण कार्य अभी तक सीरे नहीं चढ़ पाया है। इस संबंध में शीघ्र ही विद्यालय प्रबंधन समिति का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू तथा शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से शिमला में मुलाकात कर भवन निर्माण के लिए आवश्यक बजट जारी करने की मांग करेगा।










