​मनाली विधानसभा के नेहरू कुंड और बाहंग में शीघ्र शुरू होगा व्यास नदी का फ्लड प्रोटेक्शन कार्य – भुवनेश्वर गौड़

Listen to this article

सुरभि न्यूज़
​मनाली, 1 जुलाई

कुल्लू जिला के मनाली विधानसभा क्षेत्र के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि मनाली के नेहरू कुंड और बाहंग क्षेत्र में व्यास नदी के तट पर शीघ्र ही फ्लड प्रोटेक्शन (बाढ़ नियंत्रण एवं तटबंध) का कार्य शुरू होने जा रहा है।

​विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने कहा कि कुल्लू जिला के मनाली विधानसभा क्षेत्र की सुरक्षा और यहाँ के निवासियों को प्राकृतिक आपदाओं से स्थाई निजात दिलाने के लिए प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आगामी मानसून और बरसात के मौसम को देखते हुए व्यास नदी के जलस्तर में होने वाली वृद्धि से नेहरू कुंड और बाहंग क्षेत्र को सुरक्षित करना बेहद जरूरी है। स्थानीय जनता की जान-माल की सुरक्षा और उनकी संपत्तियों को नदी के कटाव से बचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

​उन्होंने कहा कि नेहरू कुंड और बाहंग में व्यास नदी के किनारे फ्लड प्रोटेक्शन का कार्य शुरू होने से इस पूरे क्षेत्र को एक स्थायी सुरक्षा कवच मिलेगा। तकनीकी बारीकियों को ध्यान में रखते हुए इस कार्य को बेहद मजबूती के साथ और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। नेहरू कुंड और बाहंग के रिहायशी इलाकों, कृषि भूमि और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को नदी के तीव्र बहाव और कटाव से सुरक्षित किया जाएगा। मानसून की चुनौतियों को देखते हुए इस कार्य को जल्द से जल्द धरातल पर शुरू करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि ब्यास नदी के तटीय क्षेत्रों के सुदृढ़ीकरण से पर्यटन, स्थानीय बुनियादी ढांचे और आवागमन को भी बिना किसी बाधा के सुचारू रखने में मदद मिलेगी।

उन्होंने क्षेत्र की जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि मनाली विधानसभा के हर वर्ग और हर क्षेत्र का समग्र विकास व सुरक्षा सुनिश्चित करना उनका मुख्य संकल्प है। इस परियोजना के धरातल पर उतरने से स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी और वे सुरक्षित माहौल में रह सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *