सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बरोट
छोटाभंगाल के कोठी कोहड़ गाँव में पिता संजय कुमार व माता मधुवाला के घर जन्मे होनहार युवक युवराज परमार अपनी मेहनत से अंडर – 23 राष्ट्रीय रोइंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर आगामी जूनियर एशियन रोइंग चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया है। युवराज परमार के स्वर्ण पदक प्राप्त करने पर छोटा भंगाल क्षेत्र में खुशी कि लहर छा गई है।
पुणे स्थित आर्मी रोइंग नोड में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता को जूनियर एशियन चैंपियनशिप के चयन ट्रायल के रूप में भी आयोजित किया गया था। जिसमें युवराज परमार ने चंडीगढ़ रोइंग एसोसिएशन का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने साथी जसपाल सिंह के साथ पुरुषों की डबल स्कल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 मिनट 38 .8 सेकिंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। चंडीगढ़ की इस जोड़ी ने ओडिशा, पंजाब और दिल्ली जैसी मजबूत टीमों को पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इस शानदार उपलब्धि के आधार पर युवराज सिंह परमार का चयन दिसंबर 2026 में पुणे के आर्मी रोइंग नोड में आयोजित होने वाली जूनियर एशियन रोइंग चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में किया गया है। उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन ने न केवल चंडीगढ़ रोइंग एसोसिएशन बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। युवराज सिंह परमार की इस सफलता पर उनके माता – पिता, दादी, खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों एवं क्षेत्र वासियों ने बधाई देते हुए आगामी अंतराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी स्वर्णिम प्रदर्शन की शुभकामनाएँ दी हैं।











