आमजन सामाजिक सौहार्द बनाए रखें, जनजातीय समुदाय के प्रति अपमानजनक टिप्पणी मामले में एफआईआर दर्ज – अनुराधा राणा

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

केलांग, 01 जुलाई

जिला लाहौल स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने कहा कि जनजातीय समुदाय के प्रति सोशल मीडिया पर की गई अपमानजनक और आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में आमजन की मांग के बाद संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द और आपसी सम्मान बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा जनजातीय समुदाय के सम्मान और सामाजिक सद्भाव से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

विधायक अनुराधा राणा ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि आरक्षण और कोटा व्यवस्था के बारे में अपनी राय व्यक्त करने से पहले लोगों को जनजातीय समुदायों और दलित समाज के ऐतिहासिक, सामाजिक और संवैधानिक संदर्भों को समझना चाहिए।

उन्होंने अपने संदेश में कहा कि समाज में सौहार्द और भाईचारा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है तथा किसी भी समुदाय के प्रति अपमानजनक या भड़काऊ भाषा का प्रयोग सामाजिक ताने-बाने को कमजोर करता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि शब्दों की मर्यादा का पालन करें, सोच-समझकर अपनी बात रखें और सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाने में सहयोग दें।

उधर, क्षेत्र के लोगों ने पुलिस प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई किए जाने का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *