प्रांत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने विजेताओं को सम्मानित कर किया समापन

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, बाशिंग (कुल्लू) : 5 जुलाई

ललित महाजन सरस्वती विद्या मंदिर, बाशिंग के प्रांगण में पिछले तीन दिनों से चल रही प्रांत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आज रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पुरस्कार वितरण के साथ भव्य समापन हो गया। इस खेल महाकुंभ में प्रदेश के 7 जिलों से आए 555 भैया-बहनों ने अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में थाना प्रभारी कुल्लू उमा ठाकुर ने शिरकत की। विद्यालय प्रबंधन द्वारा मुख्य अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत व अभिनंदन किया गया। मुख्य अतिथि एसपी मदन लाल कौशल ने अपने संबोधन में कहा कि खेल हमें जीवन में अनुशासन, कड़ी मेहनत और टीम भावना सिखाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि हार-जीत से बढ़कर खेल भावना महत्वपूर्ण है। विशिष्ट अतिथि उमा ठाकुर जी ने बालिकाओं की खेल जगत में बढ़ती भागीदारी की जमकर प्रशंसा की और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता के अंतिम दिन विभिन्न स्पर्धाओं के फाइनल मुकाबले में कबड्डी के तरुण वर्ग में जिला कांगड़ा के खिलाड़ियों ने अपने बेहतरीन दांव-पेंच और मजबूत खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया और चैंपियन की ट्रॉफी अपने नानी किया।

योगासन शारीरिक संतुलन और मानसिक एकाग्रता के इस कड़े मुकाबले में जिला शिमला के भैया-बहनों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान का खिताब अपने नाम किया।

खो-खो स्पर्धा में सरस्वती विद्या मंदिर (S.V.M.) धामी, जिला शिमला की टीम ने अपनी अद्भुत गति और तालमेल के दम पर विपक्षी टीम को हराकर चैंपियनशिप जीती दर्ज की।

पुरस्कार वितरण एवं समापन मुख्य अतिथि मदन लाल कौशल और विशिष्ट अतिथि उमा ठाकुर ने सभी विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

 

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य ने मुख्य अतिथियों, विभिन्न जिलों से आए कोच, रेफरी और खिलाड़ियों का इस सफल आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। शांति पाठ और राष्ट्रगान के साथ इस प्रांत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का विधिवत समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *