साहित्यकार पं. चंद्रधर शर्मा गुलेरी की राज्य स्तरीय जयंती पर 07 जुलाई को कुल्लू देव सदन में आयोजित होगी साहित्यिक गोष्ठी 

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कुल्लू
भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा हिमाचल के प्रसिद्ध साहित्यकार पं. चंद्रधर शर्मा गुलेरी की राज्य स्तरीय जयंती का आयोजन इस वर्ष 7 जुलाई, 2026 को देव सदन, ढालपुर, जिला-कुल्लू में आयोजित किया जा रहा है।
प्रथम सत्र में प्रातः 10:00 बजे लेखक गोष्ठी तथा दूसरे सत्र में नाटक व कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। लेखक गोष्ठी में डॉ. दयानंद गौतम पं. चंद्रधर शर्मा गुलेरी : निबंधकार एवं व्यंग्यकार” विषय पर शोध पत्र पढ़ेंगे तथा प्रदेश भर से आए लेखकों द्वारा परिचर्चा की जाएगी।
इस समारोह में हिंदी विषय अथवा साहित्य में रुचि रखने वाले विद्यालय व महाविद्यालय के विद्यार्थियों को भी आमंत्रित किया गया है। लेखक गोष्ठी के अंत में विद्यार्थी पं. चंद्रधर शर्मा गुलेरी के व्यक्तित्व व कृतित्व पर आमंत्रित साहित्यकारों से संवाद कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त कवि सम्मेलन में भी विद्यार्थियों को प्रदेश भर से पधारे कवियों के साथ साहित्य एवं कविता संबंधी विषयों पर विचार-विमर्श करने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
विभाग की निदेशक रीमा कश्यप ने बताया कि पं. चंद्रधर शर्मा गुलेरी बहुविध प्रतिभा के धनी थे। वे महान कहानीकार होने के साथ-साथ श्रेष्ठ निबंधकार, भाषाशास्त्री, कवि, संपादक और संस्कृति के भी बड़े विद्वान थे। वे प्राकृत, बौद्ध-दर्शन और भाषा विज्ञान के भी गहरे अध्येता थे।
पं. चंद्रधर शर्मा गुलेरी जी का संस्मरणात्मक निबंध “सुमिरिनी के मनके” हि. प्र. स्कूल शिक्षा बोर्ड के पाठ्यक्रम में शामिल है। इस आयोजन में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 40 कवि/लेखकों को आमंत्रित किया गया है। इस अवसर पर राज्य अभिलेखागार द्वारा ऐतिहासिक एवं दुर्लभ अभिलेखों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी जिसमें निकटवर्ती विद्यालय एवं महाविद्यालयों के छात्र एवं छात्राएं व अन्य जनमानस भ्रमण कर इसका लाभ उठा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *