कुल्लू ज़िला में भारी वर्षा का पूर्वानुमान, सभी विभागों को सतर्क रहने के दिए निर्देश

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

कुल्लू, 18 जुलाई

उपायुक्त एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) कुल्लू अनुराग चन्द्र शर्मा ने भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी नवीनतम मौसम पूर्वानुमान के आधार पर जिले में संभावित भारी वर्षा को देखते हुए सभी संबंधित विभागों, जलविद्युत परियोजनाओं तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी अधिकारियों एवं एजेंसियों को पूर्ण सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने बताया कि जारी पूर्वानुमान के अनुसार 18 जुलाई को येलो अलर्ट, 19 से 21 जुलाई तथा 23 जुलाई को ऑरेंज अलर्ट और 22 जुलाई को रेड अलर्ट जारी किया गया है। इस अवधि के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके चलते अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड), भूस्खलन, नदियों एवं नालों के जलस्तर में वृद्धि, सड़क अवरुद्ध होने तथा बिजली, पेयजल और संचार जैसी आवश्यक सेवाओं के प्रभावित होने की आशंका है।

उपायुक्त ने सभी विभागाध्यक्षों, उपमंडल अधिकारियों, जलविद्युत परियोजनाओं तथा आपदा प्रबंधन से संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पर्याप्त जनशक्ति एवं मशीनरी की उपलब्धता सुनिश्चित करें, संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी रखें तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई हेतु पूरी तरह तैयार रहें। उन्होंने संचार व्यवस्था को निरंतर सक्रिय बनाए रखने और किसी भी घटना की सूचना तत्काल जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।

अनुराग चन्द्र शर्मा ने जिलावासियों एवं पर्यटकों से अपील की है कि वे मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का गंभीरता से पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों के समीप न जाएं तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें। किसी भी आपात स्थिति में जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

उन्होंने बताया कि जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC), कुल्लू स्थिति पर लगातार निगरानी रखे हुए है तथा मौसम और आपदा संबंधी आवश्यक अपडेट समय-समय पर जारी किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *