Listen to this article
सुरभि न्यूज़
केलांग, 20 जुलाई
उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अध्यक्ष, लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में लगातार हो रही वर्षा तथा जालहमा नाले में आई बाढ़ के कारण नाले पर बनाया गया अस्थायी मार्ग तेज बहाव में बह गया है। अस्थाई मार्ग के बह जाने से दोनों ओर का यातायात पूर्णतः प्रभावित हो गया है। जन सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए इस मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही अगले आदेश तक रोक दी गई है।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का आकलन कर रहे हैं। किसानों एवं बागवानों की उपज को समय पर मंडियों तक पहुंचाने तथा आम लोगों को शीघ्र यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपायुक्त ने सीमा सड़क संगठन (BRO) के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जालहमा नाले का जलस्तर सामान्य होते ही अस्थायी सड़क मार्ग को युद्ध स्तर पर पुनः बहाल किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने जालहमा नाले पर निर्माणाधीन स्थायी पुल के कार्य में भी तेजी लाने के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
उपायुक्त किरण भड़ाना ने क्षेत्र के किसानों, बागवानों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि जब तक अस्थायी मार्ग पुनः बहाल नहीं हो जाता, तब तक नाले को पार करने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं। उन्होंने कहा कि अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। साथ ही उन्होंने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करने का आग्रह किया है।











