ड्रंक एंड ड्राइव का चालान पर अधिकारी ने दी धमकी, नशे में धुत्त अधिकारी और एक अन्य कर्मी को पुलिस ने हिरासत में लिया

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

हमीरपुर, 21 जुलाई

यातायात नियम तोड़ने पर अधिकारी द्वारा रौब दिखाना हमीरपुर पुलिस के सामने काम नहीं आया। ड्रंक एंड ड्राइव के दौरान पकड़े जाने पर एक विभाग के अधिकारी और NIT में कार्यरत कर्मी ने पुलिस को धमकाते हुए हाई वोल्टेज ड्रामा किया।

हुआ यह कि थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलवंत राणा की टीम बीती रात करीब 10 बजे शहर में नाका लगाकर वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान एक कार को रोका गया। कार में सवार दोनों व्यक्ति शराब के नशे में धुत्त थे।

पुलिस ने अल्कोहल सेंसर से जांच की तो दोनों के शराब पीने की पुष्टि हुई। नियमानुसार पुलिस ने उनका ड्रंक एंड ड्राइव एक्ट के तहत चालान कर दिया।

चालान होते ही दोनों भड़क गए। गुस्से में अधिकारी ने पुलिस से कहा “मेरा चालान करने की तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई? तुम नहीं जानते मैं एक वरिष्ठ अधिकारी हूं। मैं तुम्हारे थाने की पानी की सप्लाई बंद करवा दूंगा।”

काफी देर तक धमकी और बहस जारी रही। इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए दोनों को हिरासत में ले लिया। शनिवार को उन्हें नोटिस देकर रिहा कर दिया गया।

17 वाहनों के कटे चालान

एएसपी राजेश उपाध्याय ने बताया कि बीती रात पुलिस ने 2 लोगों को हिरासत में लिया था। उन्होंने कहा कि पुलिस यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना भेदभाव सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत रात को कुल 17 वाहनों के चालान किए गए। इस घटना के बाद शहर में चर्चा है कि कानून के सामने पद और रौब नहीं चलता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *