​चौहार घाटी में प्रधानमंत्री आवास योजना की अंतिम किश्त अटकी, उधार लेकर मकान बनाने वाले लाभार्थी परेशान

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

पद्धर / बरोट (खुशी राम ठाकुर)

विकास खंड पद्धर के अंतर्गत आने वाली चौहार घाटी की पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र गरीब लाभार्थियों को अंतिम किश्त न मिलने से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्ष 2024 में स्वीकृत हुए मकानों में से कई लाभार्थियों ने कर्ज लेकर अपने मकान तो पूरे कर लिए हैं, लेकिन पिछले एक साल से अंतिम किश्त का पैसा न मिलने के कारण वे अब उधारी चुकाने को लेकर बेहद चिंतित हैं।

​धमच्याण पंचायत के प्रधान नरेश कुमार ने बताया कि योजना के तहत कई लोगों ने पैसों की कमी के कारण मकान का काम बीच में ही रोक दिया है, वहीं जिन लोगों ने किसी तरह मकान पूरे कर लिए हैं, उन्हें भी अंतिम किश्त नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि बेघर लाभार्थियों ने सरकार से मिली शुरुआती दो किश्तों और स्थानीय संपन्न लोगों से पैसा उधार लेकर अपने मकानों का निर्माण कार्य तो पूरा कर दिया, लेकिन अब प्रदेश सरकार की ओर से अंतिम किश्त जारी न होने से उधार चुकता करना मुश्किल हो गया है। पंचायत प्रधान ने मांग की है कि विभाग मौके पर जाकर बनकर तैयार हो चुके मकानों की जांच करे और जल्द से जल्द अंतिम किश्त जारी करे।

​इस मुद्दे पर द्रंग के विधायक पूर्ण चंद ठाकुर ने कहा कि ग्रामीणों की यह मांग पूरी तरह से जायज है। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस समस्या के समाधान के लिए विकास खंड पद्धर के अधिकारियों और सरकार के समक्ष बात रखी जाएगी।

​उधर, बीडीओ पद्धर विनय चौहान ने स्पष्ट किया कि योजना के तहत शुरुआती तीन किश्तें केंद्र सरकार द्वारा दी जाती हैं, जबकि अंतिम किश्त प्रदेश सरकार द्वारा मुहैया करवाई जाती है। उन्होंने बताया कि इस विषय पर उच्च अधिकारियों से चर्चा की जाएगी और जैसे ही प्रदेश सरकार द्वारा बजट जारी किया जाएगा, मकान तैयार कर चुके सभी पात्र लाभार्थियों को अंतिम किश्त तुरंत प्रदान कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *