सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थी एक माह के भीतर करवाएं ई-केवाईसी – जिला कल्याण अधिकारी

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
शिमला, 31 जुलाई
जिला कल्याण अधिकारी शिमला कपिल देव शर्मा ने आज यहां जानकारी देते हुए बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा जिला शिमला के सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों का आधार आधारित ई-केवाईसी सत्यापन किया जा रहा है। उन्होंने ऐसे पेंशन लाभार्थियों से एक माह के भीतर ई-केवाईसी करवाने का आग्रह किया है, जिन्होंने अभी तक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी नहीं की है।
उन्होंने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों के सत्यापन का कार्य जुलाई, 2025 में जिला कल्याण अधिकारी एवं तहसील कल्याण अधिकारियों के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से आरंभ किया गया था। विभाग के अथक प्रयासों के फलस्वरूप जिला शिमला में अब तक 79,263 लाभार्थियों की आधार आधारित ई-केवाईसी पूरी की जा चुकी है। जिला कल्याण अधिकारी ने बताया कि जिला में अभी भी 7,764 पेंशन लाभार्थियों ने अपनी ई-केवाईसी नहीं करवाई है, जिसके कारण वह पेंशन सुविधा से वंचित हैं। उन्होंने ऐसे सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों से संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय में जाकर एक माह के भीतर ई-केवाईसी सत्यापन सुनिश्चित करवाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि यह पेंशन लाभार्थियों के लिए ई-केवाईसी करवाने का अंतिम अवसर है। निर्धारित अवधि के उपरांत भी ई-केवाईसी सत्यापन न करवाने की स्थिति में यह माना जाएगा कि संबंधित पेंशनर अनुपलब्ध है अथवा सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त करने के लिए पात्र नहीं है।
कपिल देव शर्मा ने बताया कि यदि किसी असहाय पेंशनभोगी का आधार कार्ड किसी कारणवश नहीं बना है अथवा उसमें किसी प्रकार का अपडेट करवाया जाना आवश्यक है, तो वह इस संबंध में जिला कल्याण अधिकारी शिमला अथवा संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी से संपर्क कर सकता है। उन्होंने कहा कि ई-केवाईसी सत्यापन से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए लाभार्थी अपने नजदीकी जिला कल्याण अधिकारी अथवा तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *