सुरभि न्यूज़ ब्यूरो
मनाली /कुल्लू : 01 अगस्त
पर्यटन नगरी मनाली के ओल्ड मनाली स्थित क्लब हाउस के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसा पेश आया है। एक अनियंत्रित जिम्नी कार (HP26A0011) लगभग 20 फीट गहरे मनालसु नाले में जा गिरी। इस दर्दनाक दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना देर रात करीब 1:00 बजे के आसपास हुई। हादसे के वक्त पास के ही होटल ‘Rest N Ramble’ के मैनेजर जयंत तिवारी ने नाले की तरफ किसी वाहन के गिरने की तेज आवाज सुनी। जब वह तुरंत मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने एक काले रंग की जिम्नी कार नाले में दुर्घटनाग्रस्त पाई। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय मनाली थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रात में ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
मनालसु नाले से निकालकर सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। जिनमें मृतकों की पहचान रोहित कुमार (32 वर्ष), निवासी- मंडी व करुण बौद्ध, निवासी- कुल्लू के रूप में हुई जबकि घायलों में विवेक, नरेश कुमार तथा उर्मिला के रूप में हुई। तीनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है और पुलिस द्वारा उनका मेडिकल परीक्षण करवाया गया है।
मनाली थाना पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर मनाली स्थित शवगृह (Mortuary) में रखवा दिया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के पहुँचने के बाद शवों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। कार आखिर कैसे अनियंत्रित हुई और हादसे की असली वजह क्या रही, इसकी गहनता से जांच की जा रही है।











