प्रताप अरनोट, कुल्लू
डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, मनाली में द भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय विशेष स्काउट एवं गाइड प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन स्नो लैंड स्काउट्स एंड गाइड्स ओपन ग्रुप, कुल्लू के ग्रुप लीडर बीजू हिमदल ने स्काउटिंग के मूलभूत सिद्धांतों, स्काउटिंग के इतिहास तथा एडवांसमेंट स्कीम विषय पर विस्तृत एवं प्रेरणादायक सत्र लिया।
उन्होंने कहा कि एक उत्कृष्ट स्काउट बनने के लिए स्काउटिंग के मूलभूत सिद्धांतों को समझना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्काउटिंग आंदोलन के उद्देश्य, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना, चरित्र निर्माण एवं व्यक्तित्व विकास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को स्काउटिंग के माध्यम से समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी विभिन्न जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।
स्काउट मास्टर नरेश ठाकुर एवं गाइड कैप्टन रीना ठाकुर ने बताया कि तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान प्रतिभागियों को स्किल डेवलपमेंट, प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड), स्काउटिंग की मूलभूत जानकारी, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, सेवा भावना तथा विभिन्न व्यावहारिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या निरुपमा बेदी ने बीजू हिमदल का विद्यालय आगमन पर हार्दिक स्वागत किया तथा स्काउटिंग के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं उपयोगी सिद्ध होगा।
इस दौरान देव भूमि रोवर्स ओपन ग्रुप के ग्रुप लीडर हिम्मत सिंह ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी रिसोर्स पर्सन्स का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व, सेवा भावना, आत्मविश्वास तथा राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक सुदृढ़ करेगा।










