Featured Video Play Icon

कुल्लू को मिला नया पुलिस कप्तान: IPS अभिषेक एस ने संभाला पदभार, नशे और अपराध के खिलाफ दी सख्त चेतावनी

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ ब्यूरो

प्रताप अरनोट, कुल्लू : 07 अगस्त

जिला कुल्लू को नया पुलिस कप्तान मिल गया है। वर्ष 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी अभिषेक एस ने आज पुलिस अधीक्षक (एसपी) कुल्लू के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। पद संभालने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए नवागत एसपी ने पुलिस की प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं और आपराधिक तत्वों को कड़ा संदेश दिया।

एसपी अभिषेक एस ने कहा कि जिले में आपराधिक घटनाओं से सख्ती से निपटा जाएगा। राज्य सरकार द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान को कुल्लू में और अधिक मजबूती से लागू किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि चिट्टा (हेरोइन) और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

सरकार ने जारी की अधिसूचना

हिमाचल प्रदेश सरकार के गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के तहत आईपीएस अभिषेक एस की नियुक्ति जिला कुल्लू के एसपी पद पर की गई है। कुल्लू में पदभार संभालने से पहले वे पुलिस मुख्यालय शिमला में एसपी (लॉ एंड ऑर्डर) के पद पर कार्यरत थे। इसके साथ ही उनके पास एसपी साइबर क्राइम (सीआईडी) का अतिरिक्त कार्यभार भी था।

रेव पार्टी मामले में कड़े रुख के बाद प्रशासनिक फेरबदल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस प्रशासन में यह फेरबदल कसोल (कुल्लू) में बीते दिनों सामने आए रेव पार्टी मामले पर न्यायालय द्वारा अपनाए गए सख्त रुख और निर्देशों के बाद किया गया है। वहीं, कुल्लू के निवर्तमान एसपी मदन लाल (एचपीपीएस) को तत्काल प्रभाव से पुलिस मुख्यालय शिमला में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *