सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कुल्लू: 07 अगस्त
जिला कुल्लू में समाज सेवा और जन-जागरूकता के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही रिद्धि सिद्धि फाउंडेशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज नए पुलिस अधीक्षक अभिषेक एस से शिष्टाचार भेंट की। संस्था की अध्यक्ष पुष्पा शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधियों ने नए एसपी का कुल्लू आगमन पर गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
सामाजिक सुरक्षा और नशा निवारण पर मंथन
मुलाकात के दौरान संस्था की अध्यक्ष पुष्पा शर्मा और सदस्यों ने जिले में गंभीर रूप लेते नशाखोरी के मुद्दे और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। पुष्पा शर्मा ने जिले के युवाओं को नशे के दलदल से बाहर निकालने के लिए फाउंडेशन द्वारा चलाए जा रहे ‘नशा भगाओ अभियान’ की कार्यप्रणाली और गतिविधियों से एसपी को अवगत कराया। उन्होंने बल देकर कहा कि नशा विरोधी अभियानों को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए पुलिस प्रशासन और स्वयंसेवी संस्थाओं का संयुक्त प्रयास बेहद आवश्यक है।
असामाजिक तत्वों पर होगी सख्त कार्रवाई: पुलिस अधीक्षक अभिषेक एस
संस्था के प्रतिनिधियों की बातों को ध्यानपूर्वक सुनने के बाद एसपी कुल्लू अभिषेक एस ने कहा कि जिला पुलिस सामाजिक कुरीतियों और नशे के अवैध कारोबार पर नकेल कसने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशीले पदार्थों के कारोबार में संलिप्त असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस सख्त से सख्त कदम उठाएगी। इसके साथ ही उन्होंने जिले में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियानों में सामाजिक संस्थाओं को पुलिस प्रशासन की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।












