राज्य स्तरीय जनजातीय उत्सव-2026 का आधिकारिक टीजर 10 अगस्त को होगा जारी – किरण भड़ाना

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

प्रताप अरनोट, केलांग (हिमाचल प्रदेश)

लाहौल-स्पीति की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक जीवनशैली और प्राकृतिक सुंदरता को देश-दुनिया के समक्ष प्रस्तुत करने के उद्देश्य से ‘राज्य स्तरीय जनजातीय उत्सव-2026’ के आधिकारिक टीजर का विमोचन 10 अगस्त को प्रातः 11:00 बजे जनजातीय संग्रहालय, केलांग में किया जाएगा। टीजर का अनावरण उपायुक्त लाहौल एवं स्पीति तथा मेला समिति की अध्यक्ष किरण भड़ाना करेंगी।

केलांग में 14 से 16 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय उत्सव के टीजर में लाहौल की सदियों पुरानी परंपराओं, पारंपरिक वेशभूषा, लोक संगीत, लोक नृत्य, स्थानीय कला-हस्तशिल्प, खान-पान और ग्रामीण जीवनशैली की आकर्षक झलकियां देखने को मिलेंगी।

सांस्कृतिक पहचान और आधुनिकता का सुंदर समन्वय

उपायुक्त किरण भड़ाना ने बताया कि यह टीजर उत्सव की सांस्कृतिक भावना और लाहौल की पहचान को दर्शाने वाला एक प्रमुख प्रचार माध्यम होगा। इसमें जिले के मनोरम पर्वतीय परिदृश्य और सांस्कृतिक विविधता को भी प्रमुखता दी गई है। उन्होंने कहा कि यह उत्सव स्थानीय कलाकारों, शिल्पकारों, युवाओं और विभिन्न सांस्कृतिक समूहों को अपनी प्रतिभा और पारंपरिक विधाओं को प्रदर्शित करने के लिए एक राष्ट्रीय मंच प्रदान करता है।

उन्होंने जिलावासियों, प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के लोगों तथा पर्यटकों से 14 से 16 अगस्त तक केलांग में आयोजित इस भव्य राज्य स्तरीय जनजातीय उत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *