मंडी जिले की उपतहसील टिक्कन के पालाखुंडी में भीषण अग्निकांड: तीन मंजिला मकान जलकर राख, लाखों का नुकसान

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

ख़ुशी राम ठाकुर, बरोट (मंडी)

 उपतहसील टिक्कन की ग्राम पंचायत वरधान के अंतर्गत आने वाले दूरदराज गांव पालाखुंडी (मुहाल जमटेहड़) में शुक्रवार को एक दर्दनाक अग्निकांड की घटना सामने आई है। मुख्य सड़क मार्ग से लगभग 8 किलोमीटर दूर तथा करीब 7 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित इस गांव में भारी बरसात के बावजूद आग की लपटों ने एक परिवार का आशियाना पूरी तरह तबाह कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर लगभग 12:30 से 1:00 बजे के बीच सुखदेव पुत्र चंदू राम के तीन कमरों वाले तीन मंजिला स्लेटनुमा मकान में अचानक भीषण आग लग गई। पीड़ित सुखदेव ने बताया कि सुबह लगभग 10 बजे पूरा परिवार एक साथ दोपहर का खाना खाने के बाद अपने काम पर चला गया था, जबकि उनकी पत्नी पालतू मवेशियों को चराने जंगल गई हुई थीं। घटना के समय घर पर कोई भी मौजूद नहीं था।

गांव वालों ने की कड़ी मशक्कत, अन्य मकानों को बचाया

मकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख ग्रामीणों ने तुरंत परिजनों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने के भरसक प्रयास किए, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि मकान को बचाया नहीं जा सका। हालांकि, ग्रामीणों की तत्परता से आसपास के अन्य मकानों को आग की चपेट में आने से सुरक्षित बचा लिया गया। इस घटना में घर में रखा सारा सामान, सोने-चांदी के गहने, नकदी और राशन पूरी तरह जलकर राख हो गया है।

प्रशासन ने दी 10 हजार रुपये की फौरी राहत

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पंचायत प्रधान अर्चना देवी और राजस्व विभाग को सूचित किया। टिक्कन के नायब तहसीलदार प्यार चंद ने बताया कि सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की ओर से स्थानीय पटवारी हीरा लाल, कार्यकारी ऑफिस कानूनगो सचिन और नंबरदार हल्का कूटगढ़ संत राम को तुरंत मौके पर नुकसान का जायजा लेने भेजा गया।

नायब तहसीलदार ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक आकलन के अनुसार पीड़ित सुखदेव का लगभग 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। प्रशासन की तरफ से पीड़ित परिवार को फौरी राहत के रूप में 10,000 रुपये की नकद राशि और एक तिरपाल प्रदान किया गया है।

जनप्रतिनिधियों ने जताया दुख

इस दुखद घटना पर द्रंग क्षेत्र के विधायक पूर्ण चंद ठाकुर, जिला परिषद सदस्य रोशन लाल, बीडीसी अध्यक्षा सुनीता देवी, बीडीसी सदस्य मनोहर लाल और पंचायत प्रधान अर्चना देवी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित सुखदेव को सांत्वना देते हुए विश्वास दिलाया है कि सरकार और प्रशासन की ओर से मिलने वाली हर संभव सहायता व सुविधाएं जल्द से जल्द उपलब्ध करवाई जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *