सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कुल्लू / मंडी (07 अगस्त )
स्पेशल टास्क फोर्स (STF) कुल्लू ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अपने अभियान को तेज करते हुए मंडी जिला के थाची-पंजाई क्षेत्र में अवैध रूप से की जा रही भांग की खेती पर बड़ा प्रहार किया है। टीम ने मौके पर से 2 लाख से अधिक भांग के पौधों को उखाड़कर नष्ट कर दिया है।
गुप्त सूचना पर कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, बीते कल (06 अगस्त 2026) STF कुल्लू को गुप्त सूचना मिली थी कि थाची-पंजाई क्षेत्र के दुर्गम इलाकों में कुछ लोगों द्वारा बड़े पैमाने पर अवैध रूप से भांग की खेती की जा रही है। सूचना मिलते ही STF की एक विशेष टीम को तुरंत मौके पर रवाना किया गया।
कायल के पेड़ों के बीच छिपाई गई थी खेती
इलाके में चलाए गए गहन तलाशी अभियान के दौरान ‘बूंग’ नामक स्थान पर कायल (देवदार/चीड़) के घने पेड़ों के बीच छिपाकर लगभग 2.5 बीघा निजी भूमि में फैले 5 से 6 सीढ़ीनुमा खेतों में अवैध भांग की फसल पाई गई। गिनती करने पर मौके पर 2 लाख से अधिक छोटे-बड़े भांग के पौधे पाए गए। STF टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे क्षेत्र में उगे सभी पौधों को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
थाना औट में मामला दर्ज, जमीन मालिक की पहचान जारी
इस संबंध में पुलिस थाना औट (जिला मंडी) में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। भांग की खेती में इस्तेमाल की गई जमीन का असली मालिक कौन है, इसका खुलासा राजस्व विभाग द्वारा भूमि की निशानदेही पूरी होने के बाद होगा। निशानदेही के तुरंत बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अब तक 10 लाख से अधिक पौधे नष्ट
STF कुल्लू द्वारा नशा मुक्ति अभियान के तहत चलाए जा रहे इस अभियान में अब तक करीब 11 बीघा निजी और सरकारी भूमि से 10 लाख से अधिक भांग के अवैध पौधे उखाड़कर नष्ट किए जा चुके हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र को पूरी तरह नशा मुक्त बनाने के लिए यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।










