सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कुल्लू
हिमाचल प्रदेश में पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कुल्लू पुलिस ने नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए पंजाब के दो निवासियों समेत तीन लोगों को 23.690 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है।
होटल में दबिश देकर पंजाब के दो तस्कर गिरफ्तार
मिली जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई में पुलिस थाना मनाली की टीम ने एक विश्वसनीय गुप्त सूचना के आधार पर मॉडल टाउन, मनाली स्थित एक निजी होटल में औचक दबिश दी। कमरे की तलाशी लेने पर वहां मौजूद फतेहगढ़ साहिब (पंजाब) निवासी दो व्यक्तियों (उम्र 26 वर्ष और 45 वर्ष) के कब्जे से 20.420 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। मनाली पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर एनडीपीएस एक्ट (मादक पदार्थ अधिनियम) की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
अपर बदाह–पाहनाला सड़क पर पकड़ा 3.27 ग्राम चिट्टा
वहीं, दूसरी कार्रवाई में पुलिस थाना कुल्लू की टीम ने अपर बदाह–पाहनाला मार्ग पर गश्त के दौरान एक 33 वर्षीय व्यक्ति को रोका। आरोपी की पहचान गांव जिया (डाकघर व तहसील भुंतर, जिला कुल्लू) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 3.27 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। कुल्लू पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों मामलों में नशे की इस खेप के मुख्य स्रोत, सप्लाई चेन और इस काले कारोबार से जुड़े अन्य लोगों व नेटवर्क का पता लगाने के लिए गहनता से जांच की जा रही है।
जनता से पुलिस की अपील: पहचान रहेगी गुप्त
ज़िला पुलिस कुल्लू ने आम जनता से अपील की है कि नशे के खत्म के लिए चलाए जा रहे इस अभियान में पुलिस का सहयोग करें। यदि किसी के पास मादक पदार्थों से जुड़ी कोई भी जानकारी हो, तो उसे तुरंत पुलिस के साथ साझा करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।











