हिमाचल के चंबा में दर्दनाक हादसा: तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर बस खाई में गिरी, 8 यात्रियों की मौत, कई घायल

Listen to this article

चंबा (सुरभि न्यूज़ / प्रताप अरनोट): हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर चालुज मोड़ के पास यात्रियों से भरी एक निजी बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस भीषण हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना का शिकार हुई निजी ‘शर्मा बस’ बैरागढ़ से चंबा की ओर जा रही थी। हादसे के वक्त बस में लगभग 20 से 25 यात्री सवार थे। चालुज मोड़ के समीप अचानक बस से नियंत्रण खो जाने के कारण यह हादसा हुआ। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरातफरी का माहौल बन गया।

हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण और स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मलबे और बस से घायलों को बाहर निकाला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई है। घायलों को तुरंत एंबुलेंस और स्थानीय वाहनों की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जा रहा है, जहां उनका उपचार जारी है।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर राहत कार्य में जुटी हुई है। हादसा किस वजह से हुआ, इसके सही कारणों का पता पुलिस की प्रारंभिक जांच के बाद ही चल पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *