Skip to content

उपायुक्त किरण भड़ाना ने शिमला में मुख्यमंत्री को सौंपा जनजातीय उत्सव का आधिकारिक निमंत्रण पत्र 

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

प्रताप अरनोट, केलांग/शिमला
हिमाचल प्रदेश की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने के उद्देश्य से 14 से 16 अगस्त 2026 तक केलांग में राज्य स्तरीय लाहुल-स्पीति जनजातीय उत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए उपायुक्त लाहुल-स्पीति किरण भड़ाना ने शनिवार को शिमला में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें आधिकारिक निमंत्रण पत्र सौंपा।

भेंट के दौरान उपायुक्त ने मुख्यमंत्री को उत्सव की तैयारियों और रूपरेखा की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री सुक्खू ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यह उत्सव लाहुल-स्पीति की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है। उन्होंने जिला प्रशासन को आयोजन के सफल संचालन के लिए प्रदेश सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

उपायुक्त किरण भड़ाना ने बताया कि उत्सव के आधिकारिक टीजर का अनावरण 10 अगस्त को प्रातः 11 बजे जनजातीय संग्रहालय केलांग में किया जाएगा। यह टीजर उत्सव की सांस्कृतिक आत्मा, परंपराओं और भव्यता को दर्शाने वाला प्रमुख प्रचार माध्यम बनेगा।

तीन दिवसीय उत्सव के दौरान लाहुल घाटी की सदियों पुरानी विरासत और आधुनिकता के सुंदर समन्वय की झलक देखने को मिलेगी। इस बार आयोजन में मुख्य आकर्षण में पारंपरिक लोक गीत, लाहुली नाटी और सांस्कृतिक दलों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएगी। पारंपरिक वेशभूषा व हस्तशिल्प में रंगीन लाहुली पोशाकें, ऊनी वस्त्र, लकड़ी के सामान और स्थानीय शिल्प प्रदर्शनी आयोजीत की जएगी जबकि पारंपरिक खान-पान में घाटी के स्वादिष्ट और विशिष्ट पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल लगाये जायेंगे। ग्रामीण जीवनशैली, प्राकृतिक सौंदर्य लाहुल के पर्वतीय परिदृश्य, विविधता और दैनिक ग्रामीण जीवन की सजीव झांकियां निकली जाएगी।

उपायुक्त किरण भड़ाना ने कहा कि स्थानीय कलाकारों और युवाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के लिए जनजातीय उत्सव में स्थानीय कलाकारों, शिल्पकारों और युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का एक बेहतरीन मंच साबित होगा। उन्होंने प्रदेशवासियों और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों से 14 से 16 अगस्त के दौरान अधिक से अधिक संख्या में केलांग पहुंचकर इस भव्य जनजातीय उत्सव का आनंद लेने का आह्वान किया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *