साहित्य : प्रेमचंद जयंती पर सुंदरनगर में साहित्यिक समागम, गणेश गनी को ‘ढालपुर में चिनार’ के लिए मिला ‘सुरेश सेन स्मृति सम्मान 

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

प्रताप अरनोट, सुंदरनगर/कुल्लू :

भाषा एवं संस्कृति विभाग, शिमला तथा सुकेत साहित्यिक एवं सांस्कृतिक परिषद, सुंदरनगर के संयुक्त तत्वावधान में मुंशी प्रेमचंद जयंती के अवसर पर एक भव्य साहित्यिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर चर्चित कवि गणेश गनी को उनके नए काव्य-संग्रह ‘ढालपुर में चिनार’ के लिए प्रतिष्ठित ‘सुरेश सेन स्मृति सम्मान’ से अलंकृत किया गया।

सुकेत साहित्यिक एवं सांस्कृतिक परिषद के अध्यक्ष डॉ. गंगा राम राजी ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि प्रेमचंद जयंती का यह आयोजन भाषा एवं संस्कृति विभाग शिमला के सौजन्य से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार रेखा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि अध्यक्षता जिला भाषा अधिकारी रेवती सैनी ने की। आयोजन के दौरान प्रसिद्ध कवि-कथाकार पवन चौहान ने गणेश गनी के काव्य-संग्रह ‘ढालपुर में चिनार’ पर गहन समीक्षा प्रस्तुत की।

पुस्तकों का विमोचन और समीक्षा समागम के दौरान दो प्रमुख कृतियों का विमोचन भी संपन्न हुआ, जिनमें डॉ. गंगा राम राजी का नया उपन्यास ‘जीवट’ और गणेश गनी का काव्य-संग्रह ‘ढालपुर में चिनार’ शामिल हैं। गणेश गनी ने डॉ. राजी के उपन्यास ‘जीवट’ पर अपनी विस्तृत समीक्षा पाठकों के समक्ष रखी।

विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाएं सम्मानित समारोह में हिंदी साहित्य और कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए कई प्रमुख हस्तियों को सम्मानित किया गया। इनमें हिंदी के वरिष्ठ लेखक सुशील कुमार फुल्ल और कवि विजय विशाल के साथ-साथ रेखाचित्र व फोटोग्राफी के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए आस्था और अंतरिक्ष को सम्मान प्रदान किया गया।

इस गरिमामय आयोजन में मंडी, कुल्लू, बिलासपुर और कांगड़ा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए अनेक वरिष्ठ साहित्यकारों, कवियों एवं कला-प्रेमियों ने सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *