भारी बारिश से वोचिंग-रूलिंग सड़क मार्ग दो सप्ताह से अवरुद्ध, मरीजों को पालकी में ले जाने को मजबूर ग्रामी, आलू की फसल खराब होने की कगार पर

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

ख़ुशी राम ठाकुर, बरोट

छोटा भंगाल व चौहार घाटी में गत दिनों हुई भारी बारिश के चलते निर्माणाधीन वोचिंग-रूलिंग सड़क मार्ग कशामल गांव के आगे गलू व रूलिंग तक जगह-जगह ल्हासे और बड़े-बड़े पत्थर गिरने से पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है। सड़क बंद होने के कारण चौहार घाटी के सबसे ऊंचाई पर स्थित रूलिंग गांव सहित आसपास के ग्रामीणों को आवाजाही में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

पिछले दो सप्ताह से यातायात ठप होने के कारण कशामल, नोट, गलू तथा रूलिंग गांव के निवासियों में लोक निर्माण विभाग के प्रति गहरा रोष व्याप्त है। स्थानीय निवासियों पूर्ण चंद ठाकुर, सुखदेव, रंजू, बिक्रम, अमर सिंह आदि का कहना है कि पहले रूलिंग गांव तक छोटे वाहनों की आवाजाही आसानी से हो जाती थी, लेकिन कशामल से गलू गांव तक जगह-जगह भूस्खलन होने से मार्ग पूरी तरह ठप पड़ा है। गलू से रूलिंग तक भी सड़क की हालत बेहद खस्ता हो चुकी है।

सड़क बंद होने का सबसे बड़ा खामियाजा गांव के मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। रूलिंग गांव में किडनी की बीमारी से ग्रस्त अमर सिंह को सप्ताह में दो बार डायलिसिस के लिए ग्रामीणों द्वारा पालकी में बिठाकर कशामल तक पहुंचाना पड़ रहा है।

इसके अलावा, क्षेत्र के किसानों की मुख्य नकदी फसल आलू खेतों में तैयार है, लेकिन रास्ता बंद होने के कारण किसान इसे मंडियों तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं। किसानों को डर सता रहा है कि यदि सड़क जल्द नहीं खुली तो उनकी मेहनत से उगाई आलू की फसल खेतों में ही सड़ जाएगी। ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार से गुहार लगाई है कि इस सड़क मार्ग को तुरंत बहाल किया जाए।

द्रंग क्षेत्र के विधायक पूर्ण चंद ठाकुर का कहना है कि निर्माणाधीन वोचिंग-रूलिंग सड़क मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए संबंधित विभाग को कड़े निर्देश दिए जाएंगे। वहीँ पूर्ण चंद, कनिष्ठ अभियंता लोक निर्माण विभाग, उपमंडल झटिंगरी ने कहा कि सड़क मार्ग अवरुद्ध होने की जानकारी विभाग को पहले से है। यदि सोमवार को मौसम साफ रहता है, तो सड़क को बहुत जल्द यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *