केलांग में राज्य स्तरीय जनजातीय उत्सव-2026 की तैयारियां तेज: उपायुक्त किरण भड़ाना ने लॉन्च किया लोगो, मैस्कॉट और ऑफिशियल टीजर

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, 10 अगस्त : केलांग (लाहौल-स्पीति)

राज्य स्तरीय जनजातीय उत्सव-2026 की तैयारियां अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। जिला मुख्यालय केलांग में आयोजित एक विशेष प्री-इवेंट कार्यक्रम के दौरान जनजातीय मेला समिति की अध्यक्ष एवं उपायुक्त लाहौल-स्पीति, किरण भड़ाना ने उत्सव के आधिकारिक लोगो, मैस्कॉट, पोस्टर, टीजर और वेबसाइट का विधिवत शुभारंभ कर काउंटडाउन की शुरुआत की।

महिला सशक्तिकरण पर केंद्रित रहेगी इस वर्ष की थीम

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त किरण भड़ाना ने बताया कि इस बार जनजातीय उत्सव की मुख्य थीम ‘महिला सशक्तिकरण’ रखी गई है। उन्होंने कहा कि लाहौल-स्पीति में महिलाएं प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, कला, संस्कृति और खेल जैसे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। यह उत्सव महिलाओं की इन्हीं उपलब्धियों और योगदान को सम्मानित करने का एक मंच बनेगा।

संस्कृति और आधुनिकता का अनूठा संगम

उपायुक्त ने कहा कि यह मेला लाहौल-स्पीति की समृद्ध लोक परंपराओं, कला, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करने का एक बड़ा अवसर है। उत्सव को अधिक आकर्षक बनाने के लिए कई गतिविधियों को नए स्वरूप में ढाला गया है।

​आधिकारिक वेबसाइट में मेले के शेड्यूल और कार्यक्रमों की जानकारी अब आम जनता और पर्यटकों के लिए ऑनलाइन उपलब्ध रहेगी। मेले की भव्यता और सांस्कृतिक भावना को लोगों तक पहुंचाने के लिए टीजर व मैस्कॉट जारी किए गए हैं।

​किरण भड़ाना ने स्थानीय नागरिकों, महिला मंडलों, युवाओं, सांस्कृतिक दलों और स्वयं सहायता समूहों से इस उत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद

लॉन्चिंग समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला, एसडीएम केलांग कुनिका एकर्स, डीएसपी रश्मि शर्मा, तहसीलदार विकास कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम.के. गांधी, जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) संजय डोगरा, उप निदेशक बागवानी मीनाक्षी तथा अन्य विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *