चौहार घाटी : पालाखुंडी के अग्निकांड पीड़ित सुखराम की मदद को आगे आई राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सेवा टोली, दिया 10 हजार का चेक

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

बरोट (चौहार घाटी) : खुशी राम ठाकुर

चौहार घाटी की वरधान पंचायत के पालाखुंडी गाँव में बीते दिनों हुए भीषण अग्निकांड में अपना सब कुछ गवां चुके पीड़ित सुखराम (सुपुत्र चंदू राम) की सहायता के लिए समाजसेवियों और संस्थाओं के आगे आने का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ‘सेवा टोली इकाई बरोट’ ने पीड़ित परिवार की मदद के लिए सबसे पहले हाथ बढ़ाए हैं।

सेवा टोली बरोट के प्रभारी विनोद कुमार एवं सह-प्रभारी प्यार चंद ने जानकारी देते हुए बताया कि सेवा टोली के सदस्यों ने पालाखुंडी गाँव पहुँचकर पीड़ित सुखराम से मुलाकात की और उन्हें मौके पर 10,000 रुपये की आर्थिक सहायता राशि का चेक प्रदान किया। इस अवसर पर सेवा टोली इकाई बरोट के कार्यकर्ता सूरज चंद, मनोज कुमार, शिवाजीत सिंह और बलवीर ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

पंचायत प्रधान ने की सहायता की अपील

उधर, बरधान पंचायत की प्रधान अर्चना देवी ने इस हादसे पर दुख जताते हुए स्थानीय समाजसेवियों, प्रदेश की अन्य सामाजिक संस्थाओं और गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) से भावुक अपील की है। उन्होंने कहा कि अग्निकांड से पीड़ित सुखराम का सब कुछ नष्ट हो चुका है, ऐसे में उन्हें दोबारा सामान्य जीवन में लाने के लिए सभी समर्थ लोग आगे आएं और ज्यादा से ज्यादा आर्थिक व सामग्री सहायता प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *