सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कुल्लू : 11 अगस्त
कुल्लू क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश और जगह-जगह भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी ‘ऑरेंज अलर्ट’ और नदी-नालों में फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) के खतरे के मद्देनजर कुल्लू उपमंडल के सभी शैक्षणिक संस्थान 11 अगस्त, 2026 को बंद रहेंगे।
इस संबंध में उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) कुल्लू, डॉ. जयबंती (HPAS) ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के तहत निहित शक्तियों का प्रयोग करते हुए आधिकारिक कार्यालय आदेश जारी किया है।
प्रशासन द्वारा जारी आदेशों के अनुसार कुल्लू उपमंडल के तहत आने वाले सभी सरकारी व निजी स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र, कॉलेज, आईटीआई (ITI), पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग और फार्मेसी कॉलेज 11 अगस्त को बंद रहेंगे। सभी कक्षाओं की पूर्व निर्धारित बोर्ड परीक्षाएं अपने तय शेड्यूल के अनुसार ही आयोजित होंगी। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि 10 अगस्त से कुल्लू उपमंडल के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे सड़कों पर मलबा आने और रास्ते अवरुद्ध होने से छात्रों और आम जनता को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। छात्रों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।












