सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, जोगिंद्रनगर : 11 अगस्त
जोगिंद्रनगर स्थित आईटीआई डोहग में कॉस्मेटोलॉजी ट्रेड में शिक्षकों के पद खाली होने के कारण इस शैक्षणिक सत्र में एक भी छात्र का प्रवेश नहीं हो पाया है। शिक्षकों की अनुपलब्धता के कारण यह ट्रेड बंद होने की कगार पर पहुंच गया है, जिससे इस क्षेत्र में डिप्लोमा करने के इच्छुक युवाओं के भविष्य पर असमंजस के बादल मंडरा रहे हैं।
जिला परिषद सदस्य कुशाल भारद्वाज इस संबंध में कहा कि युवाओं के कौशल विकास के लिए हर ट्रेड महत्वपूर्ण है और क्षेत्र के कई छात्र-छात्राएं कॉस्मेटोलॉजी में अपना करियर बनाना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि कई अभिभावकों ने उनसे संपर्क कर इस समस्या से अवगत कराया है।
भारद्वाज ने सुझाव देते हुए कहा कि आईटीआई बैजनाथ में कॉस्मेटोलॉजी ट्रेड की सीटें और ढांचा बिना उपयोग के पड़ा है। यदि इस ट्रेड को बैजनाथ से जोगिंद्रनगर शिफ्ट कर दिया जाए और टीचर मैपिंग की नीति अपनाई जाए, तो जोगिंद्रनगर के छात्रों को डिप्लोमा करने का अवसर मिल सकेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘टीचर मैपिंग’ का सीधा अर्थ है कि जहां शिक्षक उपलब्ध हों, वहीं ट्रेड को संचालित किया जाए।
जिला परिषद सदस्य ने प्रदेश के मुख्यमंत्री और तकनीकी शिक्षा मंत्री से मांग की है कि जोगिंद्रनगर आईटीआई में तुरंत कॉस्मेटोलॉजी ट्रेड के शिक्षक की नियुक्ति की जाए। यदि स्थायी नियुक्ति में समय लग रहा है, तो वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर बैजनाथ आईटीआई से इस ट्रेड को जोगिंद्रनगर शिफ्ट कर युवाओं को राहत पहुंचाई जाए।












