झिड़ी में 55 करोड़ से बनने वाले डेढ़ किमी लंबे फ्लाईओवर के खिलाफ सड़क पर उतरे ग्रामीण

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, झिड़ी (मंडी)

किरतपुर-मनाली फोरलेन पर मंडी-कुल्लू सीमा पर बसे झिड़ी में NHAI के एक तुगलकी फैसले ने हाहाकार मचा दिया है। केंद्र से मंजूर लगभग 55 करोड़ की लागत से बनने वाले डेढ़ किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर के खिलाफ पूरा कस्बा लामबंद हो गया है।ग्रामीणों का कहना है कि 55 करोड़ से ज्यादा लागत से बनने वाला यह फ्लाईओवर यहां के लिए पूरी तरह से विनाशकारी साबित होगा। लोगों ने झिड़ी फ्लाईओवर हटाओ समिति बनाकर भूख हड़ताल शुरू कर दी है।

झिड़ी के कर्मवीर पठानिया झिड़ी में फ्लाईओवर नहीं बनाने के लिए भूखहड़ताल पर बैठ गए हैं। NHAI जाम के बहाने पूरे बाजार को बाइपास करने की मनमानी कर रहा है। NHAI के अधिकारियों का तर्क है कि ये फ्लाईओवर पुराने हाईवे और फोरलेन को अलग करेगा, जिससे जाम और हादसे कम होंगे।

लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि ये विकास नहीं, विनाश है। यहां न तो जाम लगता है और न ही हादसे होते हैं। जबकि फ्लाईओवर बनते ही झिड़ी बाजार हाईवे से कट जाएगा। पर्यटक गाड़ियां सीधे ऊपर से निकल जाएंगी, नीचे दुकानों, ढाबों, होटलों पर कोई नहीं रुकेगा।

भूखहड़ताल पर बैठे समिति अध्यक्ष कर्मवीर पठानिया का कहना है कि इस फ्लाईओवर से सीधे तौर पर 2000 से ज्यादा लोगों के कारोबार पर ताला लग जाएगा। झिड़ी में पर्यटन गतिविधियां ही लोगों की आजीविका का मुख्य साधन हैं। इतना ही नहीं, गांव का एक बड़ा हिस्सा एक तरफ और स्कूल, बस स्टॉप, जल स्रोत, श्मशान घाट, ब्यास नदी और सब्जी मंडी दूसरी तरफ पड़ जाएगी। सड़क पार करने के लिए स्थानीय लोगों को डेढ़ से दो किलोमीटर का चक्कर काटना पड़ेगा।

लोगों की मांग है कि फ्लाईओवर की जगह पहले की तरह बड़ा गोल चक्कर (Roundabout) बनाया जाए, जिससे न तो जाम लगेगा और न ही किसी का रोजगार छिनेगा। ग्रामीणों ने NHAI, केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को ज्ञापन भेजा है। ग्रामीणों का साफ तौर पर कहना है कि फ्लाईओवर नहीं, रोजगार चाहिए। झिड़ी बचाओ, रोजगार बचाओ, भविष्य बचाओ।

वहीं, आंदोलन को धार देने व अपना समर्थन देने के उद्देश्य से द्रंग के पूर्व विधायक जवाहर ठाकुर ने भी धरना स्थल पर उपस्थिति दर्ज कराई। उनका भी कहना है कि झिड़ी में फ्लाईओवर की कतई आवश्यकता नहीं है। यह केवल पैसे की बर्बादी और स्थानीय लोगों के हितों पर कुठाराघात है। इसका निर्माण कार्य तुरन्त बंद होना चाहिए। समिति ने चेतावनी दी है कि अगर NHAI ने अपनी जिद नहीं छोड़ी तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *