सुरभि न्यूज़
बिलासपुर, चांदपुर (मिन्हास)
बाबा कल्याण दास ट्रस्ट, सोलग (जिला बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश) की नई कार्यकारिणी का चुनाव रविवार को हनुमान टीला, बिलासपुर में आयोजित हुआ। यह चुनाव प्रक्रिया वरिष्ठ अधिवक्ता श्री दौलत राम की अध्यक्षता में शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने पुरानी कार्यकारिणी के प्रति पूर्ण विश्वास जताते हुए सर्वसम्मति से निर्विरोध नई कार्यकारिणी का गठन किया। जिसमें चेयरमैन राम लाल ठाकुर, सचिव ज्ञान चंद (अधिवक्ता) तथा कोषाध्यक्ष विजय कुमार को नियुक्त किया।
बाबा कल्याण दास ट्रस्ट वर्तमान में हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में स्थित कई प्रमुख आश्रमों व मंदिरों का सफल संचालन और प्रबंधन कर रहा है। ट्रस्ट के मुख्य आश्रमों में उत्तर प्रदेश के हरिद्वार, वृंदावन और नैमिषारण्य, हरियाणा का दशूजोधा तथा हिमाचल प्रदेश के हनुमान टीला (बिलासपुर), हाथीथान (भुंतर) और सोलग शामिल हैं।
इन मुख्य आश्रमों के अलावा तीनों राज्यों में ट्रस्ट के अधीन कुल 24 छोटे-बड़े मंदिर एवं धार्मिक संस्थान संचालित हो रहे हैं। इन धार्मिक स्थलों के माध्यम से ट्रस्ट निरंतर आध्यात्मिक गतिविधियों के साथ-साथ समाज सेवा और जनकल्याण के कार्य कर रहा है।
चुनाव के उपरांत उपस्थित सभी सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। सदस्यों ने आशा व्यक्त की कि नई कार्यकारिणी बाबा कल्याण दास जी के आदर्शों पर चलते हुए ट्रस्ट के सामाजिक व धार्मिक कार्यों को नए आयाम प्रदान करेगी।











