सुरभि न्यूज़
ददाहू (सिरमौर), 31 अगस्त
उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग बनाने और डिजिटल युग की चुनौतियों से सुरक्षित रखने के लिए हिमाचल उपभोक्ता संरक्षण परिषद, शिमला और भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI), नई दिल्ली के सहयोग से एक विशेष उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन करने जा रही है। यह कार्यक्रम आगामी 7 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे डॉ. वाई. एस. परमार मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, ददाहू के प्रांगण में आयोजित किया जाएगा।
इस शिविर का मुख्य उद्देश्य दूरसंचार एवं प्रसारण सेवाओं के उपभोक्ताओं को टैरिफ और बिलिंग से जुड़ी बारीकियों से अवगत कराना तथा बढ़ते साइबर अपराधों व धोखाधड़ी से बचने के उपाय सिखाना है।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए हिमाचल उपभोक्ता संरक्षण परिषद के अध्यक्ष जोगेंद्र कंवर व उपाध्यक्ष रणजीत सिंह धीमान ने संयुक्त रूप से बताया कि आज के डिजिटल युग में दूरसंचार और मनोरंजन के साधन हमारी बुनियादी जरूरत बन चुके हैं। लेकिन भ्रामक बिलिंग, छिपे हुए शुल्क और टैरिफ प्लान्स की जटिलताओं के कारण आम उपभोक्ता खुद को ठगा सा महसूस करता है।
इसके साथ ही ऑनलाइन लेनदेन के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर धोखाधड़ी के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। हमारा उद्देश्य हर नागरिक को इतना जागरूक बनाना है कि वे इन तकनीकी सेवाओं का सुरक्षित और सही तरीके से लाभ उठा सके।
परिषद पदाधिकारियों ने बताया कि इस जागरूकता शिविर में प्रदेश में कार्यरत टेलीफोन कंपनियों के प्रतिनिधि भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को अपनी शंकाओं के समाधान के लिए सीधे सवाल पूछने का अवसर दिया जाएगा।
परिषद के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष ने ददाहू और आसपास के क्षेत्रों के निवासियों, प्रबुद्ध नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्यक्रम पूर्णतः जनहित में और निःशुल्क है।










