राष्ट्रीय खेल दिवस पर पार्बती-III पावर स्टेशन में बैडमिंटन प्रतियोगिता की आयोजित

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, बिहाली (कुल्लू)

राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर 29 अगस्त को पार्बती-III पावर स्टेशन द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय बैडमिंटन प्रतियोगिता (एकल एवं युगल वर्ग) का सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों में खेल भावना को प्रोत्साहित करना, स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा कार्यस्थल पर आपसी सौहार्द और टीम भावना को सुदृढ़ करना था।

​प्रतियोगिता का शुभारंभ पावर स्टेशन प्रमुख सुधीर कुमार द्वारा फीता काटकर किया गया। अपने संबोधन में सुधीर कुमार ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल हमारे जीवन का एक अनिवार्य अंग हैं। नियमित खेल गतिविधियों से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है, बल्कि यह मानसिक तनाव दूर करने, एकाग्रता बढ़ाने और कार्यक्षमता में वृद्धि करने में भी मदद करता है।

उन्होंने कहा कि खेलों से अनुशासन, नेतृत्व, समय प्रबंधन और टीम वर्क जैसे गुणों का विकास होता है, जो व्यक्तिगत और संगठनात्मक सफलता के लिए आवश्यक हैं। इस अवसर पर महाप्रबंधक (सिविल) प्रवीण कुमार और महाप्रबंधक (यांत्रिक) रंजीत कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के दौरान एकल और युगल दोनों वर्गों में प्रतिभागियों के बीच रोमांचक और कड़े मुकाबले देखने को मिले। खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट कौशल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। समापन अवसर पर महाप्रबंधक (सिविल) प्रवीण कुमार ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी व मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के अंत में पार्बती-III पावर स्टेशन प्रबंधन ने भविष्य में भी कार्मिकों के सर्वांगीण स्वास्थ्य और कल्याण के लिए ऐसी खेल गतिविधियों के निरंतर आयोजन की प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *