सुरभि न्यूज़
चांदपुर, बिलासपुर
कल्याण कला मंच की मासिक संगोष्ठी 6 सितंबर को भाषा विभाग के बैठक कक्ष में आयोजित की जाएगी। इस विशेष समारोह के दौरान मंच द्वारा प्रकाशित एक बाल कविता संग्रह सहित कुल तीन पुस्तकों का विमोचन किया जाएगा।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए मंच की सचिव पूजा कुमारी ने बताया कि संगोष्ठी में सुंदरनगर के प्रख्यात रचनाकार पवन चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में मंडी के संपादक प्रकाश धीमान, जिला भाषा अधिकारी नीलम चंदेल, डॉ. लेख राम शर्मा तथा कर्नल जसवंत सिंह चंदेल (वीएसएम) कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। समारोह की अध्यक्षता मंच के निदेशक सुरेंद्र मिन्हास करेंगे, जबकि मंच संचालन का दायित्व युवा कवि एवं शिक्षक राकेश मिन्हास संभालेंगे।
पूजा कुमारी ने बताया कि संगोष्ठी में मंच द्वारा हाल ही में प्रकाशित बाल कविता संग्रह ‘रंग बिरंगे फूल’ का लोकार्पण किया जाएगा। इस पुस्तक में 30 बाल साहित्यकारों की 3-3 कविताओं के साथ उनके एक-एक पृष्ठ के जीवन परिचय को शामिल किया गया है। इसके अलावा, मंच के संयोजक एवं प्रख्यात लेखक अमर नाथ धीमान द्वारा पहाड़ी भाषा में रचित दो पुस्तकों—’मेरी अम्मा री पछयाण’ और ‘दिला रियां गल्लां’—का भी विमोचन किया जाएगा।










