जोगिंदर नगर में RCFC बचाओ आंदोलन तेज, भूख हड़ताल 14वें दिन में, 7 सितंबर को जन आक्रोश महारैली में जुटेंगे हजारों लोग

Listen to this article

सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, जोगिंदर नगर : 2 सितंबर

जोगिंदर नगर से संस्थान को सोलन स्थानांतरित करने की नोटिफिकेशन के विरोध में RCFC बचाओ संघर्ष समिति का आंदोलन लगातार जारी है। बुधवार को क्रमिक भूख हड़ताल 14वें दिन में प्रवेश कर गई। आज ढेलू पंचायत की टीम ने भूख हड़ताल का मोर्चा संभाला। इसमें पंचायत प्रधान हरनाम सिंह के साथ सेवानिवृत्त लेक्चरर जीवन राम पालिया, शंभू राम पालिया और सरवण कुमार शामिल रहे।

भूख हड़ताल स्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि, पूर्व अधिकारी एवं कर्मचारी और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान रोटेरियन अजय ठाकुर, जिला परिषद सदस्य कुशाल भारद्वाज, कैप्टन चंद्र सिंह राणा, राम लाल वालिया, सेवानिवृत्त डीएसपी ज्ञान चंद ठाकुर, सेवानिवृत्त सहायक अभियंता कांशी राम वर्मा, सेवानिवृत्त अधीक्षक भूपेंद्र ठाकुर, सेवानिवृत्त कैप्टन लाभ सिंह धरवाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष भास्कर गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोगों ने आंदोलन को समर्थन दिया।

रोटेरियन अजय ठाकुर ने कहा कि आंदोलन में हर दिन बड़ी संख्या में लोग जुड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि 7 सितंबर को आयोजित जन आक्रोश महारैली में हजारों लोग हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि क्रमिक भूख हड़ताल में प्रतिदिन अलग-अलग पंचायतों के लोग भाग लेकर संस्थान को जोगिंदर नगर में बनाए रखने की मांग उठा रहे हैं।

जिला परिषद सदस्य कुशाल भारद्वाज ने कहा कि आंदोलन को कमजोर करने के प्रयासों के बावजूद जनता की एकजुटता बनी हुई है। उन्होंने कहा कि आंदोलन सुनियोजित और अनुशासित तरीके से चल रहा है तथा विभिन्न संगठनों और लोगों के बीच बेहतर समन्वय कायम हुआ है। उन्होंने दावा किया कि 7 सितंबर की महारैली में बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर संस्थान को जोगिंदर नगर से बाहर ले जाने के निर्णय का विरोध करेंगे।

पूर्व सैनिक लीग के पूर्व उपाध्यक्ष कैप्टन चंद्र सिंह राणा ने पूर्व सैनिकों और सैनिक परिवारों से महारैली में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। वहीं ढेलू पंचायत के प्रधान हरनाम सिंह ने कहा कि उनकी पंचायत से सैकड़ों लोग रैली में शामिल होंगे। उन्होंने अन्य पंचायतों के प्रतिनिधियों से भी जनता को साथ लेकर महारैली में पहुंचने का आह्वान किया।

महिलाओं की ओर से रजनी, दीपा और लीला देवी ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों तथा किसान सभा से जुड़ी महिलाएं भी 7 सितंबर की रैली में बड़ी संख्या में भाग लेंगी। सेवानिवृत्त सहायक अभियंता कांशी राम वर्मा और भूपेंद्र ठाकुर ने कहा कि संस्थान को बचाने के लिए सेवानिवृत्त अधिकारी और कर्मचारी भी महारैली में शामिल होंगे।

संघर्ष समिति के अध्यक्ष गुरुशरण परमार ने कहा कि जब तक RCFC को जोगिंदर नगर में बहाल नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। समिति ने 7 सितंबर की जन आक्रोश महारैली को सफल बनाने के लिए लोगों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *