पीएम मोदी के नेतृत्व में 7.8% GDP वृद्धि के साथ ‘विकसित भारत’ की ओर तेज कदम – अखिलेश कपूर

Listen to this article

सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कुल्लू

भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश कपूर ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में दर्ज 7.8 प्रतिशत की वास्तविक GDP वृद्धि को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों एवं सुधारों का परिणाम बताया है।

अखिलेश कपूर ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों और आर्थिक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत की मजबूत विकास दर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत@2047’ के संकल्प को नई गति प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि देश इसी दृढ़ता और विकास दर के साथ आगे बढ़ता रहा, तो भारत 2047 के निर्धारित लक्ष्य से पहले ही विकसित राष्ट्र बनने की उपलब्धि हासिल कर सकता है।

भाजपा प्रवक्ता ने विपक्षी दलों, विशेषकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था को ‘डेड इकोनॉमी’ बताकर जनता में निराशा फैलाने वालों के लिए 7.8 प्रतिशत की GDP वृद्धि दर करारा जवाब है। उन्होंने कहा कि 7 प्रतिशत के अनुमान से आगे निकलकर दर्ज की गई यह विकास दर देश के 140 करोड़ नागरिकों, किसानों, मजदूरों और उद्यमियों के परिश्रम का भी प्रमाण है।

उन्होंने आर्थिक आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि वास्तविक सकल मूल्य वर्धन (GVA) में 8.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 7.1 प्रतिशत थी। वहीं, विनिर्माण क्षेत्र में 9.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने इसे ‘मेक इन इंडिया’ और आत्मनिर्भर भारत अभियान की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

कपूर ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा बुनियादी ढांचे के विकास को प्राथमिकता दिए जाने से पूंजीगत व्यय में 18.6 प्रतिशत का उछाल आया है। इससे देश में सड़क, रेलवे, बंदरगाह और ऊर्जा क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिल रही है। इसके अलावा वित्तीय, रियल एस्टेट एवं व्यावसायिक सेवाओं में करीब 12 प्रतिशत तथा कृषि क्षेत्र में 3.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

अखिलेश कपूर ने कहा कि केंद्र सरकार का फोकस कृषि के आधुनिकीकरण और बुनियादी ढांचे के विस्तार पर है। इससे आने वाले समय में रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ-साथ निजी निवेश के लिए भी नए रास्ते खुलेंगे।

उन्होंने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों से देश के विकास को लेकर नकारात्मक राजनीति छोड़ने तथा भारत की आर्थिक एवं वैश्विक उपलब्धियों को स्वीकार करने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *