सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कुल्लू।
सूत्रधार कला संगम कुल्लू की कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन की अध्यक्षता में सूत्रधार भवन के कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में संस्था के हाल ही में सम्पन्न हुए 19वें सूत्रधार मल्हार उत्सव की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में उत्सव के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों, व्यवस्थाओं और प्राप्त प्रतिक्रियाओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। कार्यकारिणी सदस्यों ने उत्सव को सफल एवं यादगार बनाने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की। साथ ही आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले कलाकारों, पदाधिकारियों, सदस्यों, सहयोगियों तथा प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े सभी लोगों का आभार व्यक्त किया गया।
बैठक में भविष्य में सांस्कृतिक आयोजनों को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने पर भी विचार-विमर्श हुआ। इसके अलावा संस्था की ओर से आने वाले समय में आयोजित किए जाने वाले विभिन्न सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
स्थानीय कलाकारों और युवा प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
कार्यकारिणी ने संस्था की गतिविधियों को व्यापक स्तर तक पहुंचाने, स्थानीय कलाकारों एवं युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने तथा लोक कला और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य करने का निर्णय लिया।
बैठक में संस्था से जुड़ने वाले आजीवन सहयोगियों की संख्या बढ़ाने पर भी विशेष चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि संस्था के उद्देश्यों और गतिविधियों से प्रभावित समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को आजीवन सहयोगी के रूप में जोड़ा जाएगा, जिससे सूत्रधार की सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों को और मजबूती मिल सके।
नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ना उद्देश्य : दिनेश सेन
संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन ने कहा कि सूत्रधार कला संगम का उद्देश्य केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना भी है। उन्होंने सभी कार्यकारिणी सदस्यों एवं सहयोगियों से संस्था की आगामी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
बैठक में संस्था उपाध्यक्ष एवं मल्हार उत्सव प्रभारी कंवर वीरेंद्र सिंह, संरक्षक मंडल सदस्य राजेन्द्र सूद व युवराज बौध, वित्त सचिव जोंगेंद्र ठाकुर, भंडार प्रभारी तिलक राज चौधरी, सचिव मोनिका सागर, मंजुलता शर्मा, यशोदा शर्मा, हितेश गोगी, लोकनृत्य प्रभारी सीमा शर्मा, प्रचार-प्रसार प्रभारी सुंदर श्याम, सहप्रभारी धर्मेन्द्र शर्मा सहित कार्यकारिणी सदस्य, आमंत्रित सदस्य एवं संस्था प्रबंधक उपस्थित रहे।











