सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बरोट
सोसाइटी फॉर रूरल डेवलपमेंट एंड एक्शन, थल्टूखोड़, जिला मंडी द्वारा समाज के वंचित वर्ग के 25 असहाय छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान कर उनकी पढ़ाई जारी रखने में मदद की जा रही है। संस्था की ओर से ऐसे बच्चों को सहायता दी जाती है, जिनके माता-पिता नहीं हैं, पिता का साया सिर से उठ चुका है या परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब होने के कारण बच्चों की पढ़ाई बीच में छूटने की स्थिति में है।
संस्था प्रमुख अमर सिंह कौंडल ने बताया कि योजना के तहत कक्षा पांचवीं तक के बच्चों को 5,000 रुपये, कक्षा छठी से आठवीं तक 7,000 रुपये तथा कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों को 10,000 रुपये वार्षिक छात्रवृत्ति दी जाती है। यह राशि वर्ष में दो किश्तों में प्रदान की जाती है, ताकि बच्चों की किताबें, वर्दी और पढ़ाई से जुड़ी अन्य आवश्यकताएं पूरी हो सकें।
इसी योजना के तहत सोमवार को पद्धर क्षेत्र के कटिपरी गांव तथा ग्राम पंचायत डलाह में छात्रवृत्ति प्राप्त कर रहे 10 विद्यार्थियों के अभिभावकों के साथ विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य बच्चों की पढ़ाई की स्थिति, छात्रवृत्ति की राशि के उचित उपयोग तथा शिक्षा के अलावा उनके जीवन में आ रही अन्य समस्याओं की जानकारी लेना था।
बैठक में कार्यक्रम संचालक सोबर दत्त तथा कार्यकर्ता आरती ठाकुर ने अभिभावकों के साथ विस्तार से चर्चा की। इस दौरान अभिभावकों और बच्चों ने अपने जीवन में आ रही विभिन्न कठिनाइयों को साझा किया। उनकी समस्याएं सुनकर बैठक का माहौल भावुक हो गया।
कई माताओं और बेटियों ने भावुक होकर कहा कि यदि संस्था का यह सहयोग उन्हें नहीं मिलता तो उनकी पढ़ाई काफी पहले छूट चुकी होती। किसी ने पिता को खोया है तो किसी को परिवार का सहारा नहीं मिला, लेकिन संस्था की छात्रवृत्ति ने उन्हें दोबारा स्कूल से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
संस्था प्रमुख अमर सिंह कौंडल ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि जरूरतमंद बच्चों को शिक्षित, आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनाना है। बैठक के अंत में सभी अभिभावकों ने संस्था के इस प्रयास के लिए आभार व्यक्त किया।












