बरोट में पद्धर जोन की अंडर-19 छात्राओं की खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न, उपायुक्त अपूर्व देवगन ने किया समापन

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

खुशी राम ठाकुर, बरोट।

चौहार घाटी की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरोट में पांच सितंबर से आयोजित पद्धर जोन की अंडर-19 छात्राओं की चार दिवसीय खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता रविवार को संपन्न हो गई। प्रतियोगिता के समापन समारोह में मंडी के उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। पाठशाला पहुंचने पर स्कूल प्रबंधन समिति, स्कूल प्रशासन और विद्यार्थियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। प्रधानाचार्य थमन सिंह ठाकुर ने मुख्यातिथि को स्मृति चिन्ह, टोपी और शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
प्रधानाचार्य थमन सिंह ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता में पद्धर जोन के 23 स्कूलों की करीब 350 छात्राओं ने विभिन्न खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लिया। प्रतियोगिता को सफल बनाने में महिला मंडल कहोग, बरोट, थुजी, ढरांगण सहित स्थानीय समाजसेवियों ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों का शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास होता है। बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को चिट्टा सहित अन्य नशों से दूर रहने की शपथ भी दिलाई।

उन्होंने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूलों और आयोजन में सहयोग देने वाले समाजसेवियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य द्वारा पाठशाला की विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाए जाने पर उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि समस्याओं का समय-समय पर समाधान किया जाएगा।

मार्चपास्ट में बरोट स्कूल प्रथम रहा। कबड्डी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पशाकोट बरोट ने पहला तथा थल्टूखोड़ ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। बैडमिंटन में रूपा स्कूल प्रथम और सिऊंन स्कूल द्वितीय रहा। खो-खो में चुक्कू स्कूल प्रथम तथा पद्धर स्कूल द्वितीय रहा। वॉलीबॉल में धार स्कूल प्रथम और सिऊंन स्कूल द्वितीय रहा। चेस में बरोट स्कूल प्रथम और झटिंगरी स्कूल द्वितीय रहा। योगा में थल्टूखोड़ प्रथम तथा रूपा स्कूल द्वितीय रहा। डिक्लेमेशन में बरोट स्कूल प्रथम और लपास स्कूल द्वितीय रहा। श्लोक वाचन में गाहंग स्कूल प्रथम तथा बरोट स्कूल द्वितीय रहा।
संस्कृत गीतिका में बरोट स्कूल प्रथम और उरला स्कूल द्वितीय रहा। एकल अभिनय में बीएमएसएसएस पद्धर प्रथम तथा पद्धर स्कूल द्वितीय रहा। लोकल म्यूजिक में बरोट स्कूल प्रथम और लपास स्कूल द्वितीय रहा। ग्रुप सॉन्ग में बीएमएसएसएस पद्धर प्रथम तथा पद्धर स्कूल द्वितीय रहा। नाटी प्रतियोगिता में लपास स्कूल प्रथम और बरोट स्कूल द्वितीय स्थान पर रहा।

प्रधानाचार्य ने बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ पद्धर ब्लॉक की बीडीसी अध्यक्ष सुनीता देवी ने किया था। उन्होंने अपनी ओर से 5100 रुपये की राशि प्रदान की। छह सितंबर की शाम आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष एवं पूर्व सूबेदार रामदेव ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की और 5100 रुपये भेंट किए। सात सितंबर को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में बरोट पंचायत के उपप्रधान राजकुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए स्कूल प्रशासन को 4100 रुपये की राशि प्रदान की।

समापन समारोह में एसडीएम सुरजीत सिंह ठाकुर, विकास खंड पद्धर के खंड अधिकारी विनय चौहान, जिला परिषद सदस्य रोशन लाल, बीडीसी अध्यक्ष सुनीता देवी, खलैहल पंचायत प्रधान सुभाष ठाकुर, उपप्रधान भागमल ठाकुर, बरोट पंचायत उपप्रधान राजकुमार, विद्युत विभाग बरोट के सहायक अभियंता राहुल ठाकुर सहित काहन सिंह, रमेश कुमार, सुरेश कुमार, त्रिलोक कुमार, मंगत राम, पूर्ण चंद सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *