सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, सोलन : 08 सितम्बर
सोलन जिला पुलिस की SIU टीम ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन मामलों में 41.49 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और ट्रामाडोल के 28 कैप्सूल बरामद किए हैं। इन मामलों में कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जाबली-ओच्छघाट के समीप 1/2 सितंबर की रात गुप्त सूचना के आधार पर किराये के कमरे में दबिश देकर तीन युवकों प्रभात शर्मा (22), विशाल जायदका (32) और अभिषेक ठाकुर (24) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से 26.63 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और डिजिटल वेइंग मशीन बरामद हुई। इस संबंध में पुलिस थाना सदर सोलन में मामला दर्ज किया गया है।
इसी क्रम में 3 सितंबर को SIU टीम ने ममलीग चौक में नाकाबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली। मोटरसाइकिल सवार गौरव कुमार (29) और रवि (31), दोनों निवासी चंडीगढ़, के कब्जे से 8.06 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। दोनों को गिरफ्तार कर पुलिस थाना सायरी में मामला दर्ज किया गया तथा मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया।
वहीं 6 सितंबर की रात SIU टीम ने मानसरोवर ढाबा, माड़ो-मटकंडा में दबिश देकर तुषार चौहान (35) और ऋतिक (23), दोनों निवासी जिला शिमला, को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 6.80 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और Proxyco SPAS (Tramadol) के 28 कैप्सूल बरामद हुए। धर्मपुर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने पर 4 दिन का पुलिस हिरासत रिमांड मिला है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी तुषार चौहान के खिलाफ जिला शिमला के रोहड़ू थाना में पहले से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें दो मामले मादक पदार्थ अधिनियम के हैं, जिनमें 43 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और 240 प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद हुई थीं। इसके अलावा उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम का एक मामला भी है, जिसमें देसी कट्टा बरामद हुआ था, जबकि एक मामला मारपीट से संबंधित है।
पुलिस द्वारा सभी आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। तीनों मामलों में नशे के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगामी अन्वेषण जारी है।











