कुल्लू बस अड्डे से विधायक सुन्दर सिंह ठाकुर ने 15 इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी, हिमाचल प्रदेश बनेगा ग्रीन स्टेट 

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

कुल्लू, 8 सितंबर

हिमाचल प्रदेश को ‘ग्रीन स्टेट’ बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार लगातार कदम उठा रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को कुल्लू बस अड्डे से 15 नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया गया। कुल्लू सदर विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से कुल्लू-मनाली घाटी में प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी। इन पर्यावरण अनुकूल बसों से स्थानीय लोगों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी आरामदायक, सुरक्षित और धुआं रहित परिवहन सुविधा मिलेगी।

उन्होंने बताया कि सभी 15 नई इलेक्ट्रिक बसें आधुनिक जीपीएस और सुरक्षा तकनीक से लैस हैं। इन्हें जिले के विभिन्न स्थानीय एवं प्रमुख रूटों पर संचालित किया जाएगा। नई बसों के शामिल होने के बाद कुल्लू डिपो में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या 17 से बढ़कर 32 हो गई है।

विधायक ने कुल्लू को 15 नई इलेक्ट्रिक बसों की सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कुल्लू डिपो देश के उन सरकारी परिवहन डिपो में अग्रणी है, जहां इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है और यह प्रदेश के सर्वाधिक लाभ कमाने वाले डिपो में भी शामिल है।

उन्होंने कहा कि कुल्लू बस अड्डा आधुनिक सुविधाओं से युक्त है। पीज के लिए प्रस्तावित रोपवे बनने के बाद बस अड्डे का महत्व और बढ़ेगा। उन्होंने कुल्लू शहर के सौंदर्यीकरण और स्वच्छता को लेकर भी प्रशासन व नगर परिषद की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। आगामी एक माह में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा शहर से अवैध अतिक्रमण हटाने की बात भी कही।

सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि आने वाले समय में जिले के परिवहन बेड़े में और इलेक्ट्रिक वाहन शामिल किए जाएंगे, ताकि पूरी घाटी में पर्यावरण-अनुकूल यातायात व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।

कार्यक्रम में डीडीएम डीके नारंग ने मुख्यातिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष आशा ठाकुर, उपाध्यक्ष शालिनी राय, पार्षदगण, एडीएम सुरजीत सिंह राठौर, आरटीओ आकांक्षा शर्मा, जिला रेडक्रॉस सचिव चंद्र केश शर्मा, एचआरटीसी डीडीएम मंडी उत्तम सिंह, आरटीओ केलांग अंशित शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *