उपायुक्त किरण भड़ाना ने पीएम श्री राजकीय केंद्र प्राथमिक विद्यालय केलांग का किया निरीक्षण

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

केलांग, 11 सितंबर

उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने गुरुवार को पीएम श्री राजकीय केंद्र प्राथमिक विद्यालय केलांग का निरीक्षण कर विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं एवं अधोसंरचना का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, स्कूल में उपलब्ध सुविधाओं और उन्हें पेश आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी ली।

उपायुक्त ने बच्चों से कक्षाओं, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर फीडबैक लिया। विद्यार्थियों ने भी अपनी आवश्यकताओं एवं समस्याओं से उन्हें अवगत करवाया। उपायुक्त ने बच्चों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए उनकी आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आश्वासन दिया।

उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों से भी बातचीत कर शिक्षण व्यवस्था तथा अधोसंरचना से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में स्वच्छ पेयजल, शौचालयों, कक्षाओं, स्वच्छता सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को विद्यालय में मौजूद कमियों को दूर करने तथा आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध करवाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

किरण भड़ाना ने कहा कि विद्यालयों की अधोसंरचना को मजबूत करने के साथ शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार आवश्यक है, ताकि विद्यार्थियों को सीखने के लिए बेहतर वातावरण मिल सके। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को आश्वस्त किया कि बच्चों के हित में आवश्यक सुविधाओं के सुधार के लिए जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने संबंधित विभागों को विद्यालय की आवश्यकताओं का समुचित आकलन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से लेते हुए उनके लिए बेहतर शैक्षणिक एवं सुविधाजनक वातावरण तैयार करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *